
दिल्ली एनसीआर का तापमान एक बार फिर गिरने वाला है। यहां पर जुलाई माह के बीते चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की आशंका है। देश के बाकी भागों में भी बारिश होने के आसार बने हुए हैं। बीते कुछ दिनों से दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में उमस बढ़ी है। बारिश न होने के कारण तापमान में भी इजाफा हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो दिल्ली एनसीआर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मौसम का पूर्वानुमान है कि दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में लगातार चार दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है।
क्या रहेगी मानसून की चाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, देश के अन्य हिस्सों में भारी बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी में दवाब के कारण मानसून उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की आशंका है। बिहार, यूपी और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में बरसात होगी। वहीं पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 27 जुलाई से दोबारा बरसात शुरू हो सकती है। महाराष्ट्र में मुंबई के साथ अन्य इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
जानें 31 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो पूरे दिल्ली एनसीआर में मौसम करवट ले चुका है। रविवार को बारिश के आसार बने हुए हैं। यह बारिश 31 जुलाई तक लगातार जारी रहने वाली है। यहां पर बादल छाए रहने वाले हैं। वहीं ठंडी हवाएं भी चलेंगी। यह 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बहने वाली हैं। पूरे सप्ताह दिल्ली एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरा रहने वाला है। बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट देखने को मिली है। हवा में धूल का स्तर काफी कम रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने आम जनता को चेताया कि बारिश के कारण यातायात में समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें। जरूर न हो तो घर रहने की हिदायत दी गई है।