Indian Weather Report: देश के कई राज्यों में अगले चार दिनों तक मौसम बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
बदला मौसम का मिजाज
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 से 72 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
यूपी-बिहार में आंधी और बारिश का असर
उत्तर प्रदेश में लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, अयोध्या, गाजियाबाद समेत कई जिलों में बारिश और ओले गिरने का अनुमान है। वहीं बिहार के पटना, गया, भागलपुर, किशनगंज और पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों में तेज आंधी, बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
यह भी देखेंःInstagram Update: अब इंस्टाग्राम मैसेज पूरी तरह निजी नहीं, मेटा पढ़ सकेगा आपकी चैट
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट
राजस्थान के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश का दौर जारी है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ सकता है और हीटवेव लौटने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना, रीवा, सतना और जबलपुर संभागों में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। तटीय इलाकों में तेज तूफानी हवाओं और भारी बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में अगले 72 घंटे तक तेज तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम एजेंसियों के अनुसार कई जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।