Indian Weather Report: भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 अप्रैल से 1 मई तक देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की चेतावनी जारी की है। नए पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से 50 से ज्यादा जिलों में बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदलेगा मिजाज
उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल से मौसम करवट लेगा। कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि 28 और 29 अप्रैल को कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाएं 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, बरेली, अलीगढ़, फिरोजाबाद, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मौसम अचानक बदल सकता है।
उत्तराखंड और पूर्वोत्तर में भारी बारिश
उत्तराखंड के कई जिलों में 27 से 29 अप्रैल के बीच तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। वहीं असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में 2 मई तक भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है।
अन्य राज्यों में असर
दिल्ली एनसीआर में 27 अप्रैल को गर्म हवाएं और धूलभरी आंधी चल सकती है, जबकि 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव आएगा। इसके अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।