Weight Loss Injection: आज के समय में बढ़ते वजन की समस्या एक आम समस्या बन गई है, वजन कम करने के लिए लोग अक्सर कई तरह के तरीके अपनाते हैं, इसके लिए अलग-अलग कंपनियां कई प्रकार के सप्लीमेंट और फैट लॉस पाउडर जैसे प्रोडक्ट भी निकालती रहती है। ऐसे में वजन कम करने के लिए दुनिया से एक नया विकल्प सामने आया है। जी हां 24 जून को भारत में डेनमार्क की फॉर्मा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने वजन घटाने वाली दवा इंडिया में भी लॉन्च की है। इस दवा का नाम वेगोवी (एंटी-डायबिटिक ड्रग) है जो इंजेक्शन के रूप में उपलब्ध होती है।
हफ्ते में एक बार करना होगा इंजेक्ट
बता दें कि इस दवा की कीमत भारत में ₹17,345 से ₹26,015 के बीच रखी गई है। यह दवा पेन डिवाइस के रूप में मिलती है, जिसे हफ्ते में एक बार इंजेक्ट करना होता है। वेगोवी में Semaglutide (2.4mg) नामक दवा होती है, जो पहले टाइप-2 डायबिटीज के इलाज के लिए विकसित की गई थी।अब इसका इस्तेमाल वजन घटाने के लिए भी किया जा रहा है। यह दवा भूख को नियंत्रित करने में मदद करती है। इस दवा को लेने से भूख कम लगती है और पेट जल्दी भर जाता है। जिससे वजन को कम करने में मदद मिलती है।
एक्स्ट्रा वेट कम करने में मददगार
Wegovy की ऑफिशिअल वेबसाइट के मुताबिक, इस दवा का प्रयोग हार्ट डिसीज, अधिक मोटापा, दिल का दौरा या स्ट्रोक की घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए किया जाता है। मोटापे से ग्रस्त 12 वर्ष या उससे अधिक आयु के वयस्कों या जिन्हें वजन से संबंधित बीमारियां हैं, उन्हें शरीर का एक्स्ट्रा वेट कम करने में इस दवा से मदद मिल सकती है।
वेगोवी के साइड इफेक्ट
Wegovy की वेबसाइट के मुताबिक, वेगोवी दवा लेने के कुछ संभावित साइड इफेक्ट हो सकते हैं। मतली या उल्टी, कब्ज, सिरदर्द, हल्का थकान महसूस होना, इसलिए इस दवा का सेवन डॉक्टर की सलाह और निगरानी में ही करना चाहिए।