Bomb Blast Case: पश्चिम बंगाल में हुए बम धमाके के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अहिदुल इस्लाम मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दक्षिण 24 परगना जिले के बिजॉयगंज बाजार इलाके से पकड़ा गया। एजेंसी के अनुसार, वह इस पूरे मामले का अहम साजिशकर्ता था और बम बनाने से लेकर सबूत मिटाने तक की गतिविधियों में शामिल था।
मार्च में हुआ था घातक धमाका
NIA के मुताबिक, यह घटना मार्च 2026 में दक्षिण बामुनिया गांव में हुई थी, जहां बम बनाते समय जोरदार विस्फोट हो गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में राज्य पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी थी।
सबूत मिटाने का आरोप
जांच में सामने आया है कि अहिदुल इस्लाम मोल्ला इस पूरी घटना का सह-साजिशकर्ता था। एजेंसी का कहना है कि वह बम तैयार करने और घटना के बाद सबूतों को नष्ट करने की कोशिश में शामिल था। शुरुआती जांच के अनुसार, बम बनाते समय ही विस्फोट हो गया, जिससे एक आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह भी देखेंःDelhi Assembly: दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को, सुरक्षा और राजनीतिक टकराव पर सबकी नजर
जांच अभी जारी
NIA ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एजेंसी का फोकस पूरे नेटवर्क को उजागर करने और इस साजिश से जुड़े सभी लोगों को कानून के दायरे में लाने पर है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
बिहार में हथियार तस्करी मामले में भी कार्रवाई
इसी के साथ NIA ने एक अन्य मामले में बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। उस पर अवैध हथियारों की तस्करी का आरोप है। जांच में पता चला है कि वह नागालैंड से प्रतिबंधित हथियार खरीदकर बिहार में माओवादियों और अन्य अपराधियों तक पहुंचाने के नेटवर्क का हिस्सा था। इस मामले में पहले AK-47 राइफल और स्कोप बरामद किए गए थे, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हुआ।