West Bengal Election: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती इलाके में विधानसभा उपचुनाव से पहले चुनावी माहौल हिंसा में बदल गया। भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार की रैली के दौरान अचानक झड़प हो गई, जिसमें उनकी रैली पर हमला किया गया। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई और एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रैली के दौरान भड़की हिंसा
जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार गुरुवार को बसंती बाजार में चुनाव प्रचार कर रहे थे। तभी अचानक कुछ लोगों ने रैली पर हमला कर दिया। भाजपा का आरोप है कि यह हमला तृणमूल कांग्रेस समर्थकों द्वारा किया गया। हमले के दौरान अफरातफरी मच गई और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
भाजपा ने आरोप लगाया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन पुलिस ने हमलावरों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पार्टी का कहना है कि प्रशासन निष्क्रिय बना रहा, जिससे हमलावरों के हौसले बढ़े। हालांकि, पुलिस की ओर से इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सब-इंस्पेक्टर पर हमला
इस हिंसा में बसंती थाने के सब-इंस्पेक्टर सौरभ गुहा भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर लाठियों से हमला किया। अपनी जान बचाने के लिए उन्हें मौके से भागना पड़ा। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
TMC का आरोपों से इनकार
भाजपा के आरोपों को तृणमूल कांग्रेस ने खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि नियमों का पालन सभी को करना चाहिए और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह चुनाव आयोग के अधीन है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस तैनाती के चलते हालात को काबू में रखने की कोशिश की जा रही है।