West bengal violence: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
सुनियोजित हमला
भाजपा नेता और नवनिर्वाचित विधायक कौस्तव बागची ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताया। उन्होंने कहा कि हमलावर काफी देर तक चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा करते रहे और मौका मिलते ही उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बागची ने आरोप लगाया कि इसके पीछे ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की साजिश हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो जाती, तब तक भाजपा शांत नहीं बैठेगी और शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा। वहीं भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने कहा कि पार्टी लगातार शांति बनाए रखने की बात करती रही है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने बेहद गंभीर गलती की है।
TMC पर BJP नेताओं का तीखा हमला
भाजपा नेता कीया घोष ने दावा किया कि चंद्रनाथ रथ ने भवानीपुर चुनाव के दौरान शुभेंदु अधिकारी के लिए काफी मेहनत की थी, जहां उन्होंने ममता बनर्जी के खिलाफ बड़ी राजनीतिक लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण टीएमसी के भीतर नाराजगी थी और उसी गुस्से में इस वारदात को अंजाम दिया गया। कीया घोष ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद इस हत्या में शामिल लोगों और कथित साजिशकर्ताओं को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सयानी घोष ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
टीएमसी सांसद सयानी घोष ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जान इस तरह नहीं जानी चाहिए। साथ ही पुलिस प्रशासन से अपील की कि हाल के दिनों में हुई सभी हिंसक घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ
राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मध्यग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या बेहद दुखद और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मामले की समीक्षा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने चंद्रनाथ रथ के परिवार और शुभेंदु अधिकारी के प्रति संवेदना व्यक्त की।
डीजीपी ने जांच को लेकर दी जानकारी
पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया है, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि नंबर प्लेट सिलीगुड़ी की एक गाड़ी की थी, लेकिन उसमें छेड़छाड़ की गई थी। घटनास्थल से कुछ खाली और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि अब तक मिले सबूतों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
मध्यग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ को गोली मारी गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत पास के डायवर्सिटी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस हत्या का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।