UP Atal Awashya Vidyalaya Yojana: उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और निर्माण श्रमिकों की बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए एक शानदार पहल की है। राज्य में शुरू की गई अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को कक्षा 6 से 12वीं तक की पढ़ाई बिल्कुल मुफ्त कराई जा रही है। नवोदय विद्यालय की तर्ज पर शुरू की गई इस योजना का मकसद उन बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, जिनके परिवार आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई का खर्च नहीं उठा पाते हैं।
योजना में मिलने वाली सुविधाएं
इस योजना के तहत कक्षा 6 से 12वीं तक की पढ़ाई सीबीएसई पैटर्न पर पूरी तरह मुफ्त कराई जाती है। साथ ही आधुनिक हॉस्टल में रहने की सुविधा और पौष्टिक भोजन बिल्कुल मुफ्त दिया जाता है। इसके अलावा सरकार की ओर से किताबें, स्टेशनरी, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म, जूते और खेलकूद का सामान भी निशुल्क प्रदान किया जाता है। वहीं, स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम, साइंस लैब, कंप्यूटर लैब और बड़े खेलकूद के मैदान की सुविधा उपलब्ध है।
कौन कर सकता है आवेदन
इस योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रा के माता-पिता उत्तर प्रदेश भवन एवे अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में रजिस्टर्ड श्रमिक होने चाहिए। इसके अलावा कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चे या मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चे भी इसके योग्य है। बता दें, एक रजिस्टर्ड श्रमिक के अधिकतम दो बच्चे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं और बच्चे की उम्र आमतौर पर 6 से 16 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा कक्षा 6 एडमिशन के लिए कक्षा 5 और कक्षा 9 एडमिशन के लिए कक्षा 8 पास होना अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया
इन स्कूलों में एडमिशन सीधे न होकर एक राज्य स्तरीय पारदर्शी चयन परीक्षा के माध्यम से होता है। इस योजना से जुड़ी परीक्षा में ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाते हैं।
यह भी पढ़ें: NEET UG 2026: एमसीसी ने नीट यूजी स्ट्रे वैकेंसी राउंड का रिजल्ट किया जारी, ऐसे करें चेक
कैसे करें आवेदन
इस योजना के लिए आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की संबंधित जिला वेबसाइटों या श्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर से जानकारी लेकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन आवेदन करने के लिए नजदीकी श्रम कार्यालय तहसील के तहसीलदार या ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के कार्यालय से फॉर्म प्राप्त करके उसे भरकर जमा किया जा सकता है।