IND vs ENG Weather: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। पहला सेमीफाइनल जीतकर न्यूजीलैंड ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। ये मुकाबला मुंबई में स्थित वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
मुंबई में मौसम रहेगा साफ
क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर ये है कि इस मुकाबले में बारिश की संभावना न के बराबर है। मतलब दर्शकों को क्रिकेट का रोमांच बिना किसी रुकावट के मिलने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच के समय आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और क्रिकेट के लिए मौसम काफी अनुकूल रहेगा। मैच के दौरान मुंबई का तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
नमी का स्तर थोड़ा ज्यादा
वहीं नमी का स्तर थोड़ा ज्यादा हो सकता है। रिपोर्ट्स की माने तो मैच के दौरान हल्की हवाएं भी चल सकती है और हवा की रफ्तार 9 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है। कुल मिलाकर पिच और मौसम दोनों ही बैटिंग और बॉलिंग के लिए संतुलिस माने जा रहे हैं। यानी दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलने की उम्मीद है।
भारत के पास तीसरी बार चैंपियन बनने का मौका
बुधवार को कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एक तरफा मुकाबले में 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में फिन एलेन ने 33 गेंदों में ताबड़तोड़ 100 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं टिम साइफर्ट ने भी 58 रन बनाकर एलेन का भरपूर साथ निभाया। पहला सेमीफाइनल जीतकर न्यूजीलैंड ने अंतिम दो में जगह पक्की कर ली है। वहीं अब भारत के पास मौका है कि वह इंग्लैंड को हराकर फाइनल का टिकट अपने नाम कर ले।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा
बता दें कि भारत और इंग्लैंड दोनों ही इस टूर्नामेंट को दो बार अपने नाम कर चुके हैं। इस मुकाबले में जो भी टीम जीत हासिल करेगी वह तीसरी बार इस ट्रॉफी को हासिल करने के एक कदम और पास पहुंच जाएगी। बता दें कि 8 मार्च को फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।