
Aalu Roti Recepie : भारतीय रसोई में रोटी का एक खास स्थान है, लेकिन जब बात आती है कुछ स्वादिष्ट और झटपट बनने वाली रेसिपी की, तो आलू की रोटी एक बेहतरीन विकल्प बन जाती है. यह रोटी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है, और खासकर तब जब घर में सब्जी कम हो या कुछ नया खाने का मन हो. आलू की रोटी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है बल्कि पेट भरने वाली भी होती है. इसमें उबले हुए आलू, मसाले और गेहूं के आटे का मेल होता है जो इसे खास बनाता है.
आलू की रोटी बनाने के लिए सबसे पहले कुछ आलू उबालकर अच्छी तरह मैश कर लें. अब एक परात में गेहूं का आटा लें और उसमें ये मैश किए हुए आलू मिला दें. इसके साथ बारीक कटा हुआ प्याज़, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, थोड़ा अमचूर पाउडर (या नींबू का रस), और नमक स्वादानुसार डालें. अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गुनगुने पानी की मदद से एक नरम और चिकना आटा गूंध लें. आटा तैयार हो जाने के बाद इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें.
अब तवा गरम करें और गूंथे हुए आटे की मध्यम आकार की लोई लें. उसे बेलकर रोटी का आकार दें और गरम तवे पर सेकें. दोनों तरफ से हल्का घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. आपकी गर्मागरम आलू की रोटी तैयार है. इसे आप दही, अचार, मखन या चटनी के साथ परोस सकते हैं. चाहें तो इसे लंच बॉक्स में भी पैक किया जा सकता है.
आलू की रोटी स्वाद, पौष्टिकता और सादगी का एक बेहतरीन मेल है. इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता. जब भी जल्दी में कुछ स्वादिष्ट बनाना हो या बचे हुए उबले आलू का इस्तेमाल करना हो, तो ये रेसिपी ज़रूर ट्राई करें