
अगर आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में Windows 11 पर WhatsApp का Native App इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. Meta (WhatsApp की पेरेंट कंपनी) ने हाल ही में एक बीटा अपडेट में साफ कर दिया है कि वह अब इस ऐप को सपोर्ट नहीं करेगी. यानी Windows 11 के लिए बना WhatsApp Native App बंद होने वाला है और अब इसकी जगह सिर्फ WhatsApp Web का इस्तेमाल करना होगा.
अब सिर्फ WhatsApp Web पर मिलेगा सपोर्ट
Meta अब अपने Native ऐप की जगह WhatsApp Web को ही फोकस में रखेगी. पहले Native App को इसलिए लाया गया था ताकि वह कम RAM ले और डिवाइस पर तेज़ी से चले, लेकिन अब कंपनी इसे बनाए रखने में निवेश नहीं करना चाहती. इसके बजाय Web वर्जन को बनाए रखना आसान और किफायती है.
WhatsApp का नया लुक और अनुभव
WhatsApp के नए बीटा वर्जन में यूज़र्स को एक नोटिफिकेशन दिख रहा है. जिसमें "Updated how WhatsApp beta looks and works" दिख रहा है. इसका मतलब है कि WhatsApp अब सिर्फ दिखने में ही नहीं, बल्कि काम करने के तरीके में भी बदल रहा है. नया इंटरफेस काफी हद तक WhatsApp Web की तरह होगा और इसके बैकएंड में कई सुधार किए जा रहे हैं जिससे ऐप ज्यादा तेज़ और बग-फ्री हो.
क्यों लिया गया यह फैसला?
Web वर्जन को बनाना और अपडेट करना आसान होता है. नए फीचर्स को Web वर्जन के ज़रिए जल्दी रोलआउट किया जा सकता है. साथ ही Meta को Native App की मेंटेनेंस में अधिक संसाधनों और खर्च की ज़रूरत थी, जो अब कंपनी बचाना चाहती है.
किसे होगा सबसे ज्यादा असर?
जो लोग अब तक Windows पर WhatsApp का Native App इस्तेमाल कर रहे थे, उन्हें अब Browser (जैसे Chrome, Edge आदि) का सहारा लेना पड़ेगा. इससे सिस्टम पर RAM की खपत थोड़ी बढ़ सकती है. वहीं जो लोग पहले से WhatsApp Web चला रहे हैं, उनके लिए यह कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
WhatsApp पर जल्द शुरू होंगे Ads
WhatsApp सिर्फ इंटरफेस ही नहीं, अपने बिजनेस मॉडल में भी बड़ा बदलाव ला रहा है. हाल ही में Android बीटा वर्जन 2.25.21.11 में कुछ यूज़र्स को Status Updates के बीच Ads दिखने लगे हैं. ये Ads "Sponsored" लेबल के साथ दिखाई देंगे. दिखने में ये ठीक वैसे ही होंगे जैसे Facebook और Instagram पर दिखते हैं. शुरुआत में ये बदलाव सिर्फ कुछ बीटा यूज़र्स के लिए है, लेकिन जल्द ही ये सभी यूज़र्स के लिए रोलआउट हो सकता है.
Meta का यह कदम साफ बताता है कि कंपनी अब अपने ऐप्स को ज्यादा हल्का और तेजी से अपडेट होने वाला बनाना चाहती है. Windows पर WhatsApp का Native App बंद होना कुछ यूज़र्स के लिए झटका हो सकता है, लेकिन लंबे समय में WhatsApp Web एक स्मार्ट और टिकाऊ विकल्प बनकर सामने आएगा. Ads का आना हालांकि कुछ यूज़र्स को पसंद न आए, लेकिन यह WhatsApp के भविष्य की कमाई का रास्ता बनने वाला है.