WhatsApp APK Scam : अहमदाबाद में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके व्हाट्सऐप पर एक परिचित के नंबर से शादी का निमंत्रण आया। भरोसा होने के कारण उन्होंने बिना ज्यादा सोचे कार्ड खोल लिया। लेकिन यह साधारण शादी का कार्ड नहीं था। कुछ ही दिनों में उनके बैंक खातों से करीब 6.4 लाख रुपये निकल गए और तब उन्हें ठगी का पता चला।
शादी के कार्ड में छिपा था जाल
पुलिस के मुताबिक भेजे गए निमंत्रण के साथ एक एपीके फाइल भी थी। बुजुर्ग ने उसे डाउनलोड और इंस्टॉल कर लिया। इसके बाद साइबर ठगों को उनके मोबाइल तक पहुंच मिल गई। बताया जा रहा है कि फाइल इंस्टॉल होने के बाद फोन की कई जानकारियां और जरूरी अनुमतियां ठगों के हाथ लग गईं, जिससे बैंक खातों तक पहुंच बनाना आसान हो गया।
दो दिन बाद आया बड़ा झटका
रिपोर्ट के अनुसार घटना 15 सितंबर की है। फाइल इंस्टॉल करने के बाद वही संदेश उनके कई संपर्कों को भी अपने आप भेजा जाने लगा। दो दिन बाद बैंक लेनदेन के संदेश आने शुरू हुए। जांच में पता चला कि अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उनके दो खातों से कुल 6.4 लाख रुपये निकाल लिए गए थे।
ये भी पढ़ें : Sensex में 1200 अंक की गिरावट, Insurance नियम से क्यों मचा बाजार में हड़कंप?
क्या होती है एपीके फाइल?
एंड्रॉयड मोबाइल में किसी ऐप को इंस्टॉल करने वाली फाइल को एपीके कहा जाता है। आमतौर पर सुरक्षित ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किए जाते हैं। लेकिन व्हाट्सऐप या अन्य माध्यमों से आई अज्ञात एपीके फाइल खतरनाक हो सकती है। ऐसी फाइल फोन में इंस्टॉल होने के बाद निजी जानकारी, बैंकिंग डाटा और अन्य संवेदनशील सूचनाओं तक पहुंच बना सकती है।
क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे मामले?
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि शादी के कार्ड, पार्सल डिलीवरी, बिजली बिल और त्योहारों की शुभकामनाओं जैसे संदेशों पर लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं। ठग इसी मनोविज्ञान का फायदा उठा रहे हैं। हाल के दिनों में गुजरात में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें बुजुर्गों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
कैसे बचें इस तरह की ठगी से?
किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। शादी का असली निमंत्रण आमतौर पर पीडीएफ, फोटो या वीडियो के रूप में भेजा जाता है। यदि संदेश किसी परिचित के नंबर से भी आए तो पहले फोन कर पुष्टि कर लें। अगर गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो जाए तो उसे तुरंत हटाएं, बैंकिंग पासवर्ड बदलें और जरूरत पड़ने पर 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते कार्रवाई करने से बड़ा नुकसान रोका जा सकता है।