Lucknow News: जनता दर्शन में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशीलता का एक और उदाहरण देखने को मिला। अयोध्या से आए श्याम सोनकर ने अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन बबिता के इलाज की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि अयोध्या में उपचार के बाद डॉक्टरों ने बहन को लखनऊ रेफर किया है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से इलाज में परेशानी आ रही है।
चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू
मुख्यमंत्री ने तत्काल बबिता को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंची बबिता का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू हो गया। योगी ने परिजनों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। इलाज शुरू होने की जानकारी मिलने पर श्याम की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने फोन पर मुख्यमंत्री आवास के प्रति आभार जताया।
धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा
जनता दर्शन में उपचार के लिए मदद मांगने पहुंचे अन्य लोगों को भी सीएम ने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित चिकित्सा खर्च का अनुमान शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एक बच्ची से मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक संवाद किया और उसे चॉकलेट दी। बच्ची के खिलखिलाने से वहां मौजूद लोगों के चेहरे भी मुस्कान से भर गए।