बकरीद के मौके पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक बकरा चर्चा का केंद्र बना हुआ है. ‘कल्लू’ नाम का ये बकरा न सिर्फ अपनी शानदार कद-काठी और सेहत के लिए मशहूर है, बल्कि इसकी कीमत और खासियत ने इसे लोगों की नज़रों का सितारा बना दिया है. बेनियाबाग की बकरामंडी में लगा ये बकरा 5 लाख रुपये में बिकने के लिए रखा गया है.
जन्म से 'अल्लाह' और 'मोहम्मद' लिखा होने का दावा
बकरे के मालिक रामशंकर, जो फतेहपुर से बकरामंडी पहुंचे हैं. उनका दावा है कि उनके बकरे ‘कल्लू’ के शरीर पर जन्म से ही ‘अल्लाह’ और ‘मोहम्मद’ लिखा हुआ है. बकरे की दोनों तरफ के बालों और बनावट में यह नाम स्पष्ट दिखाई देता है, जिसे मौलवी और खरीदार भी देखकर हैरान हो रहे हैं.
बकरामंडी में 'सेलिब्रिटी' बना 'कल्लू'
बेनियाबाग की मंडी में जो भी खरीदार आ रहा है वह पहले ‘कल्लू’ से मिलना चाहता है, उसके साथ सेल्फी लेता है. बच्चों से लेकर बड़े तक ‘कल्लू’ को छूते हैं और तस्वीरें लेते हैं. कल्लू अब मंडी का सेलिब्रिटी बकरा बन चुका है. – न सिर्फ अपने रूप और आकार के कारण बल्कि शरीर पर उभरे पवित्र नामों की वजह से भी.
शमशीर आलम नाम के एक शख्स ने बताया कि उन्होंने बकरामंडी में एक बखूबसूरत बकरा देखा, जिसके शरीर पर 'अल्लाह' और 'मोहम्मद' लिखा हुआ था. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बकरे की कीमत 5 लाख रुपये तय की गई है, जो उनके बजट से काफी ज्यादा है. इसलिए, चाहकर भी वो उसे खरीद नहीं सकते.
रामशंकर के लिए परिवार का हिस्सा है ‘कल्लू’
बकरे के मालिक रामशंकर बताते हैं कि उन्होंने ‘कल्लू’ को अपने बच्चे की तरह पाला है. वह उसे अपने साथ खिलाते, सुलाते और प्यार से बड़ा करते आए हैं. उन्होंने बताया कि बकरा छोटा था, तब एक मौलवी ने उसके शरीर पर लिखे नामों को देखकर बताया कि ये बकरा खास है.