कौन-सी ड्रमस्टिक नहीं होती कड़वी? ड्रमस्टिक यानी सहजन की फली भारतीय रसोई में काफी लोकप्रिय सब्जी है। यह न सिर्फ स्वाद में खास होती है बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है। हालांकि कई लोग शिकायत करते हैं कि ड्रमस्टिक कभी-कभी कड़वी हो जाती है, जिससे उसका स्वाद बिगड़ जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि कौन-सी ड्रमस्टिक कम कड़वी होती है और इसे सही तरीके से कैसे पकाया जाए.
कौन-सी ड्रमस्टिक होती है कम कड़वी?
विशेषज्ञों और घरेलू अनुभव के अनुसार, ताजी और पतली ड्रमस्टिक आमतौर पर कम कड़वी होती है। जब फली ज्यादा मोटी और पुरानी हो जाती है, तब उसमें रेशे बढ़ जाते हैं और हल्की कड़वाहट आने लगती है.
किसान और सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि अगर ड्रमस्टिक का रंग गहरा हरा हो, छिलका बहुत सख्त न हो और अंदर बीज बहुत बड़े न हों, तो वह स्वाद में बेहतर और कम कड़वी होती है। इसके अलावा ताजी तोड़ी गई ड्रमस्टिक सबसे अच्छी मानी जाती है क्योंकि उसमें नमी और स्वाद संतुलित रहता है.
ड्रमस्टिक का सही चयन कैसे करें?
बाजार से ड्रमस्टिक खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। हमेशा ऐसी फली चुनें जो पतली, हल्की और समान रूप से हरी हो। बहुत ज्यादा सूखी या दागदार ड्रमस्टिक से बचना चाहिए. अगर संभव हो तो उसे तोड़कर देखें, अगर वह आसानी से टूट जाए तो वह ताजी मानी जाती है.
ड्रमस्टिक की लोकप्रिय डिश कैसे बनाएं? सांभर स्टाइल
ड्रमस्टिक से सबसे लोकप्रिय डिश दक्षिण भारतीय स्टाइल सांभर है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले अरहर दाल को अच्छी तरह उबाल लें। इसके बाद इसमें हल्दी, नमक और थोड़ी इमली का पानी मिलाएं. अब एक पैन में तेल गर्म करके राई, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और प्याज का तड़का लगाएं। इसमें कटी हुई ड्रमस्टिक डालकर हल्का भूनें और फिर इसे दाल में डाल दें. धीमी आंच पर पकने दें ताकि ड्रमस्टिक नरम हो जाए और उसका स्वाद दाल में अच्छे से मिल जाए। अंत में सांभर मसाला डालकर कुछ मिनट पकाएं.
एक और आसान तरीका (सूखी सब्जी)
ड्रमस्टिक की सूखी सब्जी भी बहुत पसंद की जाती है। इसके लिए ड्रमस्टिक को हल्का उबालकर मसालों के साथ भून लें। इसमें हल्दी, धनिया, लाल मिर्च और जीरा डालकर अच्छे से पकाएं। यह रोटी और चावल दोनों के साथ स्वादिष्ट लगती है.
सेहत के लिए फायदे
ड्रमस्टिक में विटामिन, कैल्शियम और आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह पाचन सुधारने और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करती है. अगर सही किस्म की ताजी और पतली ड्रमस्टिक चुनी जाए और उसे सही तरीके से पकाया जाए, तो यह बिल्कुल भी कड़वी नहीं लगती। सही मसालों और पकाने के तरीके से इसकी डिश और भी स्वादिष्ट बन जाती है.