
वाइट डिस्चार्ज यानी सफेद फ्लूइड आना। यह महिलाओं के शरीर की एक सामान्य प्रक्रिया है। यह वजाइना को साफ, नम और संक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद करता है। यह ज्यादातर ओव्यूलेशन, पीरियड्स से पहले या बाद में या हॉर्मोनल बदलाव के कारण होता है।
महिलाओं में वाइट डिस्चार्ज यानी सफेद तरल पदार्थ का आना आम बात है। यह शरीर की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो वजाइना को साफ, नम और संक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद करती है। लेकिन कई बार इसमें आने वाला बदलाव किसी अंदरूनी बीमारी या संक्रमण का संकेत भी हो सकता है। इसलिए इसके पैटर्न को समझना बेहद जरूरी है।
वाइट डिस्चार्ज बीमारी का संकेत
अगर वाइट डिस्चार्ज की मात्रा ज़्यादा हो जाए, रंग पीला, हरा या भूरा दिखने लगे, या उसमें बदबू आने लगे, तो यह किसी संक्रमण या बीमारी का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में अक्सर वजाइना में खुजली, जलन या दर्द महसूस होता है. यह लक्षण फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन, जैसे कैंडिडायसिस या बैक्टीरियल वेजिनोसिस के कारण हो सकते हैं. कभी-कभी सेक्सुअली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन (STI) भी इसका कारण बनते हैं. अगर समय रहते इलाज न हो, तो संक्रमण यूटरस तक फैल सकता है, जिससे भविष्य में रीप्रोडक्टिव सिस्टम से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
डिस्चार्ज में बदलाव कैसा संकेत?
एक्सपर्ट के अनुसार वाइट डिस्चार्ज आना एक नॉर्मल प्रक्रिया है। इससे कोई खतरे की बात नहीं है, लेकिन इसके रंग में बदलाव कई तरह की बीमारियों का संकेत दे सकता है। बैक्टीरियल वेजिनोसिस में डिस्चार्ज पतला और बदबूदार हो जाता है। अगर डिस्चार्ज पीला या हरा दिखे, तो यह ट्राइकोमोनियासिस जैसे वेजाइनल संक्रमण का लक्षण हो सकता है।
लंबे समय तक इलाज न करवाने पर संक्रमण यूटरस या फैलोपियन ट्यूब तक फैल सकता है, जिससे पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज (PID) या सर्विसाइटिस जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इन बीमारियों में पेट दर्द, बुखार और सेक्स के दौरान दर्द महसूस हो सकता है।
इन बातों का रखें खास ध्यान:
रोजाना साफ-सफाई का ध्यान रखें और सूती अंडरगारमेंट्स पहनें।
सिंथेटिक या टाइट कपड़ों से बचें।
प्राइवेट एरिया को हमेशा सूखा और साफ रखें।
किसी भी बदलाव पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
बहुत देर तक गीले कपड़े या पैंटी लाइनर न पहनें।
तनाव कम करें और पर्याप्त नींद लें, क्योंकि हॉर्मोनल असंतुलन भी डिस्चार्ज बढ़ा सकता है।