शैक्षणिक संस्था सिटी मॉन्टेसरी स्कूल अपने पूर्व छात्र ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की ऐतिहासिक यात्रा का उत्सव मनाने के लिए आज लखनऊ में 'व्योमनाइट' समारोह का आयोजन करेगा. इस अवसर पर शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा का लाइव प्रसारण कल 11 जून को शाम 5 बजे से सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जाएगा.
चार दशक बाद अंतरिक्ष यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय
लखनऊ में जन्मे शुभांशु शुक्ला (39) को सम्मानित करने के लिए शहर भर में 15 से अधिक होर्डिंग्स लगाए गए हैं. वह लगभग चार दशकों बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय बनेंगे. शुभांशु से पहले 1984 में रूस के सोयूज अंतरिक्ष यान से राकेश शर्मा ने अंतरिक्ष की यात्रा की थी.
'व्योमनाइट' समारोह का आयोजन
सीएमएस की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, अलीगंज शाखा के पूर्व छात्र और भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा के उपलक्ष्य में 'व्योमनाइट' समारोह का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम कल शाम 5 बजे सीएमएस कानपुर रोड स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष उड़ान का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा.
गौरवमयी क्षणों के साक्षी बनेंगे सभी
'व्योमनाइट' समारोह का आयोजन शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा के सम्मान में किया जा रहा है. इस अवसर पर शुभांशु के माता-पिता, परिवार के अन्य सदस्य, छात्र, शिक्षक और लखनऊ के प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होंगे. वो शुभांशु की इस ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा के सीधे प्रसारण को देखकर इस गौरवमयी और प्रेरणादायी क्षणों के साक्षी बनेंगे.
आईएसएस की यात्रा के लिए तैयार शुभांशु
'व्योमनाइट कार्निवाल' के अवसर पर ए. एक्स-4 लांच का सीधा प्रसारण किया जाएगा, साथ ही इंटरएक्टिव मिशन कंट्रोल सेंटर बूथ, आई.एस.एस. कपोला का मॉडल, डेफाई ग्रैविटी फोटो बूथ और टेलीस्कोप की स्थापना की जाएगी, जो उपस्थितों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे. भारतीय वायुसेना के पायलट शुभांशु शुक्ला, जो चालक दल के तीन अन्य सदस्यों के साथ स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्षयान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इस ऐतिहासिक घटना के मुख्य नायक होंगे.