Entertainment News : भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र न सिर्फ अपनी शानदार अदाकारी के लिए जाने जाते हैं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत जिंदगी और परिवार भी हमेशा सुर्खियों में रहा है। उनके दो विवाह—पहला प्रकाश कौर से और दूसरा हेमा मालिनी से और कुल छह बच्चे होने के कारण अक्सर यह सवाल उठता है कि यदि धर्मेंद्र की लगभग 450 करोड़ रुपये की संपत्ति हो, तो उसका वास्तविक वारिस कौन बनता है? क्या सभी बच्चों को बराबर हिस्सा मिलता है या पत्नी की हिस्सेदारी ज्यादा होती है? ऐसे सवालों के जवाब भारतीय उत्तराधिकार कानून (Hindu Succession Act, 1956) में स्पष्ट रूप से परिभाषित हैं. आइए समझते हैं कि ऐसी परिस्थिति में संपत्ति का बंटवारा किस तरह होता है.
हिंदू उत्तराधिकार कानून क्या कहता है?
हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति ने वसीयत नहीं लिखी है, तो उसकी संपत्ति "Class–I heirs" यानी प्रथम श्रेणी के उत्तराधिकारियों में बांटी जाती है। इस श्रेणी में—पति/पत्नी, बेटे, बेटियां, मां, और यदि बेटा गुजर चुका है तो उसकी पत्नी व बच्चे भी शामिल होते हैं। धर्मेंद्र के मामले में, उनकी दोनों पत्नियाँ (यदि विवाह वैध माना जाए), और छह बच्चे इस श्रेणी में आते हैं। यानी कानून के अनुसार, सारे वारिस एक ही कतार में खड़े होते हैं और संपत्ति का बंटवारा बराबर हिस्सों में होता है। यहां “पहली पत्नी के बच्चे” और “दूसरी पत्नी के बच्चे”—दोनों की कानूनी स्थिति बिल्कुल समान मानी जाती है.
दो पत्नियाँ होने पर संपत्ति कैसे बंटती है?
सबसे ज्यादा भ्रम इसी प्रश्न पर होता है. अगर किसी पुरुष की दो पत्नियाँ हैं, और दोनों विवाह वैध माने जाते हैं, तो दोनों अलग-अलग हिस्से की हकदार होती हैं. यानी उन्हें संयुक्त हिस्सा नहीं मिलता, बल्कि व्यक्तिगत हिस्सा मिलता है. धर्मेंद्र के संदर्भ में समझें तो: पत्नी 1 (प्रकाश कौर), पत्नी 2 (हेमा मालिनी) और छह बच्चे ये सभी "Class-I heirs" में आएंगे। मान लीजिए कुल 8 वारिस हुए, तो संपत्ति को 8 बराबर हिस्सों में बांटा जाएगा. यानी पत्नी को बच्चों से ज्यादा हिस्सा तब ही मिलता है जब कुल वारिसों की संख्या कम हो; अन्यथा सभी का शेयर बराबर ही रहता है। कानून के अनुसार पत्नी का हिस्सा सिर्फ इसलिए ज्यादा नहीं होता कि वह पत्नी है. बल्कि सभी प्रथम श्रेणी के वारिस बराबर अधिकार रखते हैं.
ये भी पढ़ें - OTT पर साउथ की सुनामी! ‘द पेट डिटेक्टिव’ और ‘आर्यन’ समेत कई धमाके—डेट्स अभी नोट करें
बच्चों में किसे ज्यादा हिस्सा मिलेगा?
बच्चों की बात करें तो हिंदू उत्तराधिकार कानून में बेटा और बेटी दोनों को बराबर हिस्सा मिलता है. यहां “फिल्म इंडस्ट्री में सफल” या “पिता के साथ रहने वाला” या “व्यापार संभालने वाला” बच्चा अधिक हिस्सा नहीं ले सकता। कानूनी तौर पर धर्मेंद्र के सभी बच्चे सनी, बॉबी, ईशा, अहाना और पहली पत्नी से दो बच्चे छहों का हिस्सा समान होगा। यानी बच्चों के हिस्से में कोई भेदभाव नहीं होता। यह भी महत्वपूर्ण है कि धर्मेंद्र की संपत्ति चाहे फिल्मों से आई हो, बिज़नेस से या प्रॉपर्टी से कानून के अनुसार सभी बच्चों में समान रूप से बांटी जाती है। किसी एक बच्चे को “अधिक हिस्सा” तभी मिल सकता है यदि पिता अपनी वसीयत में उसे विशेष रूप से ज्यादा हिस्सा दे दें.
वसीयत होने पर तस्वीर कैसी बदलती है?
अगर धर्मेंद्र ने वसीयत बनाई हो, तो कानून का स्वरूप पूरी तरह बदल जाता है. वसीयत लिखने वाला व्यक्ति अपनी संपत्ति किसी भी व्यक्ति, पत्नी, बच्चों, रिश्तेदार या फिर किसी संस्थान, को दे सकता है. वसीयत में दर्शाए अनुसार ही संपत्ति बांटी जाएगी. यानी इच्छा होने पर वे अपनी संपत्ति एक बच्चे को ज्यादा, दूसरे को कम या किसी को बिल्कुल भी नहीं दे सकते हैं. वसीयत को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए इसे ठीक तरह से लिखना, गवाहों की मौजूदगी, और आवश्यकता होने पर रजिस्ट्रेशन जैसे कदम जरूरी होते हैं। इसलिए यदि धर्मेंद्र की 450 करोड़ की संपत्ति पर विवाद से बचना हो, तो वसीयत ही सबसे स्पष्ट और मजबूत समाधान माना जाता है.
असली वारिस कौन बनेगा?
कानून के अनुसार, यदि वसीयत न हो तो धर्मेंद्र की अनुमानित 450 करोड़ की संपत्ति उनकी दोनों पत्नियों और छह बच्चों में बराबर हिस्सों में बंटेगी. इसमें न तो किसी पत्नी का हिस्सा अधिक होगा और न ही किसी बच्चे का. लेकिन वसीयत होने की स्थिति में, वास्तविक वारिस वही होगा जिसे धर्मेंद्र ने स्वयं चुना है. इसलिए असली उत्तर सरल है. बंटवारा कानून तय करता है, और विशेष हिस्सा वसीयत तय करती है. जनता की उत्सुकता भले ही “असली वारिस कौन?” जैसा सवाल पूछती रहे, कानूनी रूप से हर वारिस का अधिकार स्पष्ट और न्यायसंगत है.