भारत में जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। संगठन ने तीन भारतीय दवा कंपनियों की खांसी की सिरप को गंभीर स्वास्थ्य खतरा बताया है। इन सिरप में खतरनाक रासायनिक तत्व डायथिलीन ग्लाइकोल (Diethylene Glycol) पाया गया है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। WHO ने सभी देशों से कहा है कि अगर ये उत्पाद कहीं भी दिखाई दें, तो तुरंत इसकी सूचना दें और इस्तेमाल से बचें।
WHO ने तीन कंपनियों पर जताई चिंता
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत की तीन दवा कंपनियों की खांसी की सिरप पर चेतावनी जारी की है। इनमें श्रीसन फार्मा की कोल्ड्रिफ, रेडनेक्स फार्मा की रेस्पिफ्रेश टीआर, और शेप फार्मा की रिलाइप सिरप शामिल हैं। संगठन ने कहा कि इन दवाओं के कुछ बैच में मिलावट की गई है, जो बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए घातक हो सकती है।
सिरप में मिला खतरनाक केमिकल
जांच में इन सिरप में डायथिलीन ग्लाइकोल (DEG) नामक जहरीला रासायनिक तत्व पाया गया है। यह तत्व मीठा स्वाद देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसका सेवन शरीर के लिए बेहद हानिकारक है। इसकी कोई गंध या रंग नहीं होता, जिससे पहचानना मुश्किल है। यही वजह है कि बिना जांच के ये सिरप जानलेवा साबित हो सकती हैं।
लाइसेंस रद्द, कंपनी पर कड़ी कार्रवाई
तमिलनाडु की श्रीसन फार्मास्युटिकल कंपनी का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। औषधि नियंत्रण विभाग ने निरीक्षण के दौरान पाया कि सिरप में 48.6 प्रतिशत तक डीईजी मौजूद था। जांच के बाद कंपनी को बंद करने का आदेश दे दिया गया। साथ ही इसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जनता से WHO की अपील
WHO ने नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों को कोई भी सिरप खरीदने से पहले उसकी जांच जरूर करें। संदिग्ध सिरप दिखने पर तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को जानकारी दें। संगठन ने यह भी कहा कि सरकारें दवा निर्माण इकाइयों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण को सख्त करें।