Monsoon Fever: मानसून के मौसम में डेंगू, चिकनगुनिया, टाइफाइड और वायरल बुखार के मामले तेजी से बढ़ते हैं। आमतौर पर मरीज दवाइयों से बुखार से तो राहत पा लेते हैं, लेकिन इसके बाद भी कई हफ्तों तक शरीर में कमजोरी और थकावट बनी रहती है। अगर आप या आपके घर में कोई इस समस्या से परेशान हैं, तो विशेषज्ञ के सुझाव आपकी जल्दी रिकवरी में मदद करते हैं। विशेषज्ञ के अनुसार बीमारी के बाद होने वाली इस थकावट को चिकित्सा भाषा में पोस्ट इंफेक्शियस फैटीग कहा जाता है
बुखार के बाद क्योंकि कमजोरी होती है महसूस
बीमार होने के बाद बुखार उतरते ही शरीर पूरी तरह ठीक नहीं होता। भले ही आपकी ब्लड रिपोर्ट नॉर्मल आ गई हो, फिर भी कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द और थकावट महसूस होना बिल्कुल स्वाभाविक है। इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं।
प्रतिरक्षा प्रणाली का "आफ्टरशॉक": बुखार ठीक होने के बाद भी हमारा इम्यून सिस्टम अंदरूनी नुकसान की भरपाई और संक्रमण के बचे-खुचे असर को खत्म करने में लगा रहता है। इस प्रक्रिया में मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र को पूरी तरह से रिकवर होने में समय लगता है।
पोषक तत्वों की कमी: बीमारी के दौरान भूख कम होने से शरीर में जमे ऊर्जा और न्यूट्रिशन खत्म हो जाते हैं। इस एनर्जी स्टोरेज को दोबारा भरने में वक्त लगता है।
रिकवरी के लिए असरदार टिप्स
भरपूर डाइट लें
डॉक्टर के मुताबिक सप्लीमेंट्स पर निर्भर रहने के बजाय अपनी डाइट में प्रोटीन, ताजे फल और हरी सब्जियों को शामिल करें। प्राकृतिक भोजन शरीर को जल्दी रिकवर करता है।
शरीर को हाइड्रेट रखें
दिन भर पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी या सूप पिएं, ताकि शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकलें और डिहाइड्रेशन न हो।
यह भी पढ़ें: स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, दिल्ली से कर्नाटक तक बढ़े मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
रिकवरी के लिए दें समय
रिकवरी में समय लग सकता है, कई लोगों में यह 2 से 4 सप्ताह तक रह सकता है और कभी-कभी इससे अधिक समय भी लग सकता है, खासकर बुजुर्गों या पहले से अन्य स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों में ज्यादा समय लगता है।
पर्याप्त आराम करें
शरीर को रिकवर करने का सबसे अच्छा तरीका अच्छी नींद और शारीरिक आराम है। भारी काम या ज्यादा एक्सरसाइज से बचें।