C-Section Back Pain : C-section यानी सिजेरियन डिलीवरी के बाद कमर में दर्द होना कई महिलाओं में देखा जाता है. गर्भावस्था के दौरान शरीर का वजन और पोश्चर बदलने से कमर की मांसपेशियों पर दबाव बढ़ जाता है. डिलीवरी के बाद भी शरीर को सामान्य स्थिति में लौटने में कुछ समय लगता है. इसके अलावा लंबे समय तक बैठकर बच्चे को दूध पिलाना, बच्चे को उठाना और पर्याप्त आराम न मिलना भी कमर दर्द की वजह बन सकता है.
स्पाइनल एनेस्थीसिया से क्या संबंध है?
C-section के दौरान अक्सर स्पाइनल या एपिड्यूरल एनेस्थीसिया दिया जाता है. इंजेक्शन वाली जगह पर कुछ समय के लिए दर्द या संवेदनशीलता महसूस हो सकती है। हालांकि, लंबे समय तक रहने वाले कमर दर्द का कारण केवल एनेस्थीसिया को मानना सही नहीं है। इसके पीछे गर्भावस्था के दौरान हुए शारीरिक बदलाव और मांसपेशियों पर पड़ा दबाव भी महत्वपूर्ण हो सकता है.
ये भी पढ़ें - Gandhi Jayanti Wishes: 2 अक्टूबर पर WhatsApp-Instagram पर भेजें ये प्यारे संदेश, अपनों को ऐसे दें बधाई
कमर दर्द से राहत के लिए क्या करें?
डिलीवरी के बाद पर्याप्त आराम लेना जरूरी है. बैठते समय पीठ को सहारा दें और बच्चे को दूध पिलाते समय सही पोश्चर रखें. डॉक्टर की सलाह के अनुसार हल्की वॉक और धीरे-धीरे किए जाने वाले व्यायाम मददगार हो सकते हैं. भारी सामान उठाने और अचानक झुकने से बचें। पर्याप्त पानी और संतुलित भोजन भी रिकवरी में मदद करता है.
कब डॉक्टर से संपर्क करें?
अगर दर्द बहुत तेज हो, लगातार बढ़ रहा हो या पैरों में सुन्नपन, कमजोरी, तेज बुखार या पेशाब-पाखाने पर नियंत्रण में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। C-section के बाद हर महिला की रिकवरी अलग होती है, इसलिए लगातार दर्द को नजरअंदाज करने के बजाय चिकित्सकीय जांच कराना बेहतर है.