
लड्डू गोपाल की सेवा और पूजा लगभग हर घर में बड़े प्रेम और श्रद्धा के साथ की जाती है. लड्डू गोपाल, भगवान श्रीकृष्ण का बाल स्वरूप माने जाते हैं और ऐसी मान्यता है कि उनकी भक्ति से मन की सभी इच्छाएं पूरी हो जाती हैं. हालांकि शास्त्रों में उनकी सेवा से जुड़े कुछ विशेष नियम बताए गए हैं, जिन्हें मानना जरूरी है. अगर इन नियमों का पालन ना किया जाए, तो पूजा का पूरा फल नहीं मिल पाता है. अक्सर लोग अपने घर के मंदिर में लड्डू गोपाल की एक से अधिक मूर्तियां रख लेते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एक घर में लड्डू गोपाल की दो मूर्तियां रखना उचित है? शास्त्रों के अनुसार, घर के मंदिर में एक ही भगवान की दो मूर्तियां नहीं रखनी चाहिए. यही नियम लड्डू गोपाल पर भी लागू होता है. माना जाता है कि एक ही भगवान की दो प्रतिमाएं घर में होने से भक्ति का भाव बंट जाता है और सेवा में भूल-चूक की संभावना बढ़ जाती है.
वास्तुशास्त्र में एक ही भगवान की दो मूर्तियां रखना शुभ नहीं
वास्तु शास्त्र में भी यह स्पष्ट किया गया है कि घर में एक ही भगवान की दो मूर्तियां रखना शुभ नहीं है. इससे सकारात्मक ऊर्जा की बजाय नकारात्मकता का प्रभाव बढ़ सकता है. इसलिए बेहतर है कि घर में केवल एक ही लड्डू गोपाल की मूर्ति विराजमान करें और पूरे मन से उनकी सेवा करें. अगर किसी कारण से घर में पहले से दो लड्डू गोपाल हों, तो दोनों की सेवा समान भाव और समान नियमों के साथ करनी चाहिए, ताकि किसी के प्रति उपेक्षा न हो.
एक छोटे बच्चे की तरह की जाती है लड्डू गोपाल की सेवा
लड्डू गोपाल की सेवा का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि उनकी देखभाल बिल्कुल एक छोटे बच्चे की तरह की जाती है। उनकी दिनचर्या सुबह से रात तक तय होती है। सुबह सबसे पहले उन्हें उठाकर स्नान कराया जाता है। स्नान के बाद उन्हें सुंदर वस्त्र पहनाए जाते हैं और गहनों से श्रृंगार किया जाता है। इसके बाद पूजा-अर्चना कर उन्हें भोग लगाया जाता है।
लड्डू गोपाल को दिन में चार बार लगता है भोग
भोग का भी विशेष महत्व है। लड्डू गोपाल को दिन में चार बार भोग लगाया जाता है- सुबह, दोपहर, शाम और रात में। रात को शयन से पहले दूध का भोग अर्पित किया जाता है। खास ध्यान रखना चाहिए कि हर भोग में तुलसी दल अवश्य हो, क्योंकि श्रीकृष्ण बिना तुलसी दल के भोग स्वीकार नहीं करते। रात में शयन के समय उन्हें आरामदायक बिस्तर पर सुलाया जाता है, जैसे हम किसी छोटे बच्चे को सुलाते हैं। यह पूरी सेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्नेह, प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है। आखिरकार, लड्डू गोपाल की सेवा में नियम और श्रद्धा का संगम जरूरी है। जब हम एक ही मूर्ति पर अपना मन और भक्ति केंद्रित करते हैं, तो पूजा का प्रभाव भी बढ़ता है और आशीर्वाद भी पूर्ण रूप से मिलता है। उनकी सेवा से न केवल घर में सुख-शांति आती है, बल्कि मन में भी गहरी संतुष्टि और आनंद का अनुभव होता है।