सर्दियों में सुबह की वॉक क्यों करनी चाहिए सावधानी से : सर्दियों में सुबह की ठंडी हवा और सूरज की हल्की रोशनी स्वास्थ्य के लिए आमतौर पर फायदेमंद मानी जाती है. लोग अक्सर सुबह-सुबह वॉक करना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाते हैं, लेकिन इस मौसम में हवा की गुणवत्ता पर ध्यान न देना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. हाल के समय में, विशेषकर शहरों में, सुबह के समय एयर पॉल्यूशन (वायु प्रदूषण) का स्तर काफी बढ़ जाता है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर सकता है और सर्दी-जुकाम, खांसी या सांस की तकलीफ जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है.
सर्दियों में धुंध और स्मॉग की वजह से हवा में हानिकारक कण और गैसें घुल जाती हैं. जब लोग प्रदूषित हवा में वॉक करने जाते हैं, तो ये कण सीधे फेफड़ों में प्रवेश कर सकते हैं. इससे न सिर्फ सांस लेने में कठिनाई होती है, बल्कि गले में जलन, सिरदर्द और थकान जैसी समस्या भी पैदा हो सकती है. बच्चों, बुजुर्गों और उन लोगों के लिए जिन्हें अस्थमा या एलर्जी की समस्या है, यह और भी खतरनाक साबित हो सकता है.
प्रदूषण का स्तर
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अगर सुबह के समय प्रदूषण का स्तर अधिक हो तो वॉक को टालना या समय बदलना ही बेहतर है. इसके लिए एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की जानकारी रखना जरूरी है. जब हवा साफ और प्रदूषण कम हो, तभी बाहर वॉक करने जाना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद रहेगा. इसी तरह मास्क पहनकर और हल्की गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलना चाहिए.
इसके अलावा, घर के अंदर भी हल्की एक्सरसाइज करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है. योग, स्ट्रेचिंग और ट्रेडमिल पर वॉक जैसी गतिविधियां फेफड़ों और हृदय के लिए फायदेमंद रहती हैं, और प्रदूषित हवा से होने वाले नुकसान से भी बचाती हैं. पानी पीना, गर्म चाय या सूप लेना और खानपान में फल और सब्जियों को शामिल करना भी सर्दियों में स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद करता है. सर्दियों में सुबह की वॉक पूरी तरह से छोड़ देना जरूरी नहीं है, लेकिन समय और जगह का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. अगर प्रदूषण अधिक है तो वॉक को टालना, मास्क पहनना और सुरक्षित वातावरण में एक्सरसाइज करना स्वास्थ्य के लिए सबसे अच्छा विकल्प है। इस तरह आप ठंडी और स्वच्छ हवा का फायदा उठाते हुए अपने शरीर को तंदरुस्त रख सकते हैं.