नीले ड्रम जैसा शहर में एक ओर कांड हो गया। प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति की हत्या कर दी और ससुराल वालों को हार्ट अटैक से मौत कारण बता दिया। शव को सुपुर्द-ए-खाक के दौरान परिजनों को संदेह हुआ। इससे पहले पुलिस शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजती, आरोपी पत्नी का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया, जिसमें उसने पति की हत्या का कबूलनामा किया है। वायरल वीडियो में पत्नी कह रही है कि मैंने पति के पैर पकड़े, दोस्त ने हाथ और प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी। पत्नी पुलिस की हिरासत में है, जबकि प्रेमी और उसके दोस्त की तलाश में दबिश दे रही है।
तालिब के शव को पूरी तरह से ढक रखा था
लोहिया नगर जाकिर कॉलोनी फतेहउल्लापुर रोड निवासी अकरम अली ने बताया, उसका चचेरा भाई तालिब निवासी रसूलपुर दभेड़ी जिला मुजफ्फरनगर राजमिस्त्री का काम करते थे। उसकी शादी चार साल पहले अंजुम पैलेस निवासी इलमा से हुई थी। दोनों के तीन साल की एक बेटी है। शादी के बाद तालिब जाकिर कालोनी में ही रह रहे थे। अकरम ने बताया, 28 सितंबर की रात को पड़ोसी इनाम ने उनके घर आकर सूचना दी थी कि तालिब की मौत हो गई है। जानकारी मिलने पर वह तालिब के घर पहुंचा तो देखा कि इलमा ने तालिब के शव को पूरी तरह से ढक रखा था। इलमा से मौत का कारण पूछा तो उसने हार्ट अटैक से मौत का कारण बताया।
शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया
अगले दिन सुबह तालिब के शव को रसूलपुर दभेड़ी गांव में ले जाया गया। गमगीन माहौल में परिजनों से शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस दौरान तालिब के गले में निशान मिलने से कुछ संदेह हुआ, जिस पर मोहर अगले दिन पड़ोसी इनाम ने लगा दी। इनाम ने बताया था कि इलमा को फतेहउल्लापुर रोड (60 फुटा) स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो के मालिक अमन के साथ कई बार आपत्तिजनक स्थिति में पार्क व अन्य जगहों पर घूमते देखा था। इसकी शिकायत उसने तालिब से की थी। अकरम अली ने बताया, एक अक्टूबर को जब रिश्तेदारों ने इलमा से उसका मोबाइल मांगा तो उसने देने में आनाकानी की। अगले दिन सुबह वह दिलदार और शारिक के साथ तालिब घर पहुंचे और घर की तलाशी लेने के दौरान इलमा का फोन मिला गया, जो कपड़ों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो अमन व इलमा के संबंधों की पुष्टि हो गई।
वायरल वीडियो में किया कबूलनामा
अमन और इलमा के संबंधों की पुष्टि होने के बाद तालिब के परिजनों ने इलमा से हुई बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग की जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में इलमा कह रही है कि 28 सितंबर को तालिब ने काम से वापस लौटने के बाद उसे पीटा था। अमन को फोन कर बुलाया था। दस मिनट में अमन अपने दोस्त के साथ घर आ गया। पहले तीनों ने मिलकर तालिब की पिटाई की थी और फिर जमीन पर गिरा दिया था। वह पति तालिब के दोनों पैर पकड़कर बैठ गई थी, जबकि अमन के दोस्त ने तालिब के हाथ पकड़ लिए थे। इसके बाद अमन ने उसके दुपट्टे से तालिब का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अमन इलमा से कहकर गया था कि घबराने की कोई बात नहीं है। इद्दत के बाद उससे शादी कर लेगा।
कब्र से निकालकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सीओ संग्राम सिंह ने बताया, पीड़ित पक्ष का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इलमा के कबूलनामा का वीडियो भी मिला है। शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।