मेरठ। अवैध संबंधों के विरोध में पति ने पत्नी की पेपर कटर से गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने एक घंटे की पड़ताल के बाद आरोपी को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दो बार बयान बदले और हार्ट अटैक का नाटक भी किया, लेकिन बेटी ने पूरे राज से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
थाना लिसाड़ी गेट में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, शुक्रवार सुबह आठ बजे सूचना मिली थी कि लिसाड़ी गेट थाना अंतर्गत मजीद नगर मोहल्ले में 26 वर्षीय महिला कौसर पत्नी साकिब की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। जानकारी मिलते ही वह सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम को बुला लिया। एसपी सिटी ने बताया, जिस कमरे में महिला का शव पड़ा था, उस कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था और घटना का समय कमरे में साकिब की तीन बेटियां छह वर्षीय सानिया, चार वर्षीय कुलसुमिनार और डेढ़ वर्षीय इनाया भी कमरे में सो रही थी, जबकि पति साकिब बाद बरामदे में सो रहा था। एसपी सिटी ने बताया, घटना स्थल को देखने के बाद मामला उलझा सा लगा रहा था और हत्या में किसी करीबी की हाथ होने की आशंका लगी। संदेह होने पर पति साकिब को हिरासत में लिया तो साकिब हार्ट अटैक का नाटक करने लगा, लेकिन पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
दो बार बयान बदलते ही पुलिस की गिरफ्त में आ गया साकिब
एसपी सिटी ने बताया, साकिब ने दो बार बयान बदले। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें साकिब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो साकिब ने पत्नी की हत्या का इकबाल कर लिया। एसपी सिटी ने बताया, साकिब के दूसरी महिला से संबंध थे। कौसर इसका विरोध करती है और इसको लेकर दंपती में अक्सर विवाद रहता था। इसी के चलते साकिब ने पत्नी की पेपर कटर से गला रेत कर हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए कमरे में रखी अलमारी का सामान बिखर दिया। ताकि पुलिस यह समझे चोरी का विरोध करने पर कौसर की हत्या की गई है। पुलिस ने साकिब की निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद कर लिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी से झूठ बुलवाया
एसपी सिटी ने बताया, कौसर तीन बेटियों के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि साकिब बरामदे में सो रहा था। शुक्रवार तड़के साकिब जब पत्नी की हत्या के लिए पहुंचा तो बड़ी बेटी सानिया जाग रही थी। उसे सुलाने के बाद साकिब ने पत्नी की हत्या कर दी। सुबह जब बेटियों की नींद खुली तो कौसर को लहूलुहान में देखकर बड़ी बेटी रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर साकिब कमरे में गया और बड़ी बेटी से कहा था कि पुलिस को बताना, रात में काले कपड़े पहने चोर ने हत्या की है। मामले की तह तक जाने के लिए महिला पुलिस ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने बताया, ऐसा कहने के लिए पापा ने कहा था। इसके बाद पुलिस का संदेह विश्वास में बदल गया और एक घंटे के अंदर पुलिस ने मामले का राजफाश कर दिया।
15 दिन पहले बना ली थी हत्या की योजना
कौसर के भाई मुर्सलीन ने बताया, 15 दिन पहले साकिब ने सुबह-सुबह उन्हें फोन किया और बताया था कि कौसर छत से गिर गई है। तत्काल मेडिकल अस्पताल आ जाओ। मुर्सलीन ने घबराकर पूछा कैसे गिरी तो साकिब कहा था कि वह मजाक कर रहा है। शुक्रवार को साकिब ने फिर से फोन कर बताया था कि कौसर गुजर गई है तो पहले वह मजाक समझे, लेकिन बाद में सच्चाई का पता चला कि बहन की हत्या हो गई है। एसपी सिटी ने बताया, साकिब लगातार कौसर को आत्महत्या के लिए उकसा रहा था, जब बात नहीं बनी तो योजना बनाकर हत्या कर दी और इसकी पटकथा 15 दिन पहले लिखी थी। मुर्सलीन ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।