Festive Season Sale: हर साल फेस्टीव सीजन आते ही स्मार्टफोन खरीदने वालों की नजर बड़ी सेल पर रहती है। लोग इस उम्मीद में रहते हैं कि दीवाली के आसपास फोन पर सबसे बड़ी छूट मिलेगी। लेकिन अगर आप इस फेस्टिव सीजन में नया फोल्डेबल या प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो जब पर थोड़ा ज्यादा बोझ पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इस बार कंपनियों के लिए सेल के दौरान भारी छूट देना आसान नहीं होगा।
क्यों बढ़ रही कीमतें?
बता दें कि इसकी वजह सिर्फ सेल या ऑफर नहीं है, बल्कि इस बार स्मार्टफोन बनाने की लागत पर ही दबाव बढ़ रहा है। मेमोरी चिप की कीमत बढ़ रही है। AI डेटा सेंटर्स की वजह से हाई बैंडविड्थ मेमोरी की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे स्मार्टफोन में लगने वाली मेमोरी की लागत बढ़ गई है। इसके अलावा कमजोर रुपया और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं के कारण फोन बनाने की कुल लागत बढ़ गई है। इन सबका असर धीरे-धीरे फोन की कीमतों पर दिख रहा है।
बिक्री घटी, कीमतें बढ़ी
IDC के मुताबिक भारत में स्मार्टफोन की कुल बिक्री 11.1% घटकर 3.32 करोड़ यूनिट रह गई, लेकिन औसत कीमत 14.4% बढ़कर रिकॉर्ड 315 डॉलर (लगभग ₹26,000) हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक 50,000 रुपये से ऊपर के सुपर प्रीमियम फोन की बिक्री में 72 प्रतिशत का उछाल आया है। यानि लोग कम फोन जरूर खरीद रहे हैं, लेकिन महंगे और बेहतर फोन चुन रहे हैं। काउंटरपॉइंट के अनुसार, 2026 में दुनिया भर में फोल्डेबल फोन की बिक्री 21% बढ़ सकती है।
फोल्डेबल फोन क्यों महंगे होते हैं?
फोल्डेबल फोन पहले से ही नॉर्मल स्मार्टफोन के मुकाबले महंगे होते हैं, इनमें फ्लेक्सिबल स्क्रीन, खास हिंज, ज्यादा मेमोरी और महंगे प्रोसेसर जैसे कई महंगे हिस्से इस्तेमाल होते हैं। ऐसे में अगर इन हिस्सों की लागत बढ़ती है, तो इसका असर प्रीमियम फोन पर भी पड़ सकता है।
क्या सेल में नहीं मिलेगा ऑफर
यह कहना सही नहीं होगा कि फेस्टिव सेल में फोल्डेबल फोन पर कोई अच्छा ऑफर नहीं मिलेगा। ऑफर मिल सकते हैं, लेकिन उनका दायरा सीमित हो सकता है। बैंक डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और नो कॉस्ट EMI जैसे विकल्प मिलेंगे। पर लागत के दबाव के कारण कंपनियां फोन की शुरुआती कीमत पर पहले जैसी सीधी और बड़ी कटौती दे पाना मुश्किल है।