.jpeg%3Falt%3Dmedia%26token%3Db7a33e7a-750b-4589-a297-95e1f53f4228&w=3840&q=75)
ICC Women's World Cup में टीम इंडिया की स्थिति अब करो या मरो वाली हो गई है. साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और अब इंग्लैंड लगातार तीन हार के बाद टीम इंडिया का सेमीफाइनल तक का सफर अब खतरे में नजर आ रहा है. रविवार को इंदौर में खेले गए रोमांचक मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को इंग्लैंड से महज 4 रनों से हार झेलनी पड़ी. एक वक्त ऐसा लग रहा था कि भारत आसानी से मैच जीत लेगा, लेकिन आखिरी ओवरों में गलत शॉट सिलेक्शन ने पूरा खेल पलट दिया.
सेमीफाइनल के लिए क्या है समीकरण?
इंग्लैंड से हार के बाद भी भारत के पास सेमीफाइनल में जगह बनाने का मौका अभी बाकी है. फिलहाल भारत के 5 मैचों में 4 अंक हैं और वो अंक तालिका में चौथे स्थान पर है. न्यूजीलैंड के भी चार अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट भारत से कम है. सेमीफाइनल में पहुंचने का सबसे आसान रास्ता अब यही है कि भारत अपने बचे हुए दोनों मुकाबले न्यूजीलैंड और बांग्लादेश में जीत दर्ज करे. अगर टीम इंडिया ये दोनों मैच जीत जाती है, तो वो सीधे सेमीफाइनल में जगह बना लेगी लेकिन जरा सी चूक बाकी टीमों पर निर्भरता बढ़ा सकती है.
इसे भी पढ़ेंः Diwali के दिन एक और खिलाड़ी ने लिया अचानक संन्यास, क्रिकेट प्रेमी हैरान, कभी जम्मू से खेलने वाले पहले बने थे क्रिकेटर !
अगर भारत अगला मैच हार गया तो क्या होगा?
अगर भारत अगले दो में से कोई एक मैच हारता है, तो सेमीफाइनल की दौड़ उसके हाथों से फिसल सकती है. ऐसी स्थिति में भारत को न्यूजीलैंड की हार की उम्मीद करनी होगी और साथ ही अपने जीते हुए मैच को बड़े अंतर से जीतना होगा ताकि उसका नेट रन रेट सुधर सके यानी अब टीम इंडिया को न सिर्फ जीत की, बल्कि बड़े अंतर वाली जीत की दरकार है. एक गलती या एक खराब दिन भारत को टूर्नामेंट से बाहर कर सकता है. यही वजह है कि आने वाले मैच टीम इंडिया के लिए करो या मरो की स्थिति बन गए हैं.
इंग्लैंड मैच में हुआ क्या था?
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 288 रन बनाए. कप्तान हेदर नाइट ने शानदार 109 रनों की पारी खेली, जबकि विकेटकीपर एमी जोंस ने 56 रन जोड़े. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 4 और श्री चरणी ने 2 विकेट लिए. जवाब में भारत की बल्लेबाजों ने भी पूरी कोशिश की स्मृति मंधाना (88), हरमनप्रीत कौर (70) और दीप्ति शर्मा (50) ने शानदार पारियां खेलीं, लेकिन टीम सिर्फ 4 रन से हार गई. अब सबकी निगाहें भारत के अगले मुकाबलों पर हैं क्या हरमनप्रीत कौर की टीम वापसी कर सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी, या फिर ये सपना अधूरा रह जाएगा?