Entertainment News : सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर राय रखने को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने कुछ सार्वजनिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी थी। इसके बाद उनके राजनीति में आने की संभावना को लेकर सवाल उठने लगे। अब उनके पिता और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी के राजनीतिक भविष्य को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
बेटी की राजनीति में एंट्री से इनकार नहीं
शत्रुघ्न सिन्हा ने संकेत दिया कि भविष्य में अगर सोनाक्षी राजनीति में कदम रखने का फैसला करती हैं, तो ऐसा संभव है. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी बेटी जल्द ही किसी राजनीतिक दल से जुड़ने वाली हैं। फिलहाल सोनाक्षी की ओर से भी राजनीति में प्रवेश को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर किया बचाव
बातचीत में शत्रुघ्न सिन्हा ने सोनाक्षी को लेकर हो रही ऑनलाइन आलोचना का भी जिक्र किया। दरअसल, कुछ सामाजिक मुद्दों पर सोनाक्षी की आवाज मुखर रही है, जबकि कुछ दूसरे मामलों में उनकी चुप्पी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए। इसी को लेकर उन्हें ट्रोल भी किया गया.
शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी का बचाव करते हुए दावा किया कि सोनाक्षी को निशाना बनाने के लिए कुछ ट्रोल्स को कथित तौर पर भुगतान किया जा सकता है। उनका कहना था कि हर मुद्दे पर किसी सार्वजनिक व्यक्ति का बयान देना जरूरी नहीं है.
सोनाक्षी ने हाल में रखी थी अपनी बात
सोनाक्षी ने हाल के दिनों में सोनम वांगचुक और उनसे जुड़े विरोध-प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी आवाज उठाई थी। उन्होंने प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम पर चिंता जाहिर करते हुए अपनी राय साझा की थी.
अभी फैसला सोनाक्षी के हाथ में
फिलहाल सोनाक्षी सिन्हा के राजनीति में आने की कोई पक्की खबर नहीं है. शत्रुघ्न सिन्हा के बयान से इतना जरूर साफ होता है कि वह बेटी के भविष्य के इस फैसले को लेकर खुले विचार रखते हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में सोनाक्षी खुद राजनीति को लेकर क्या फैसला लेती हैं.