CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कफ सिरप मामले में समाजवादी पार्टी की संलिप्तता का आरोप लगाया है। शुक्रवार को विधान मण्डल के शीतकालीन सत्र के शुरु होने से पहले विधान भवन में मीडिया को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अब तक जो लोग पकडे गये हैं उनके सम्बंध सपा से हैं। एनडीपीएस एक्ट में पुलिस, एफएसपीए और एसटीएफ कार्यवाही कर रही है। हर माफिया के सम्बंध सपा से रहे हैं। एसटीएफ की जांच में पकडे गये लोगों के सम्बंध समाजवादी पार्टी से निकल रहे। जांच सामने आने दीजिए दूध का दूध-पानी का पानी हो जाएगा।
24 जनवरी को यूपी का स्थापना दिवस
मुख्यमंत्री ने एक शेर के जरिये सपा पर तंज करते हुए कहा, इतना ही कहना चाहेंगे-उम्र भर यही गलती बार-बार करता रहा, धूप चेहरे पर थी, आइना साफ करता रहा। विधान परिषद में अगर यह मामला आएगा तो हम जवाब देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से सदन की कार्यवाही शुरू हो रही है। 24 जनवरी को हमारे राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम पर चर्चा का आयोजन किया जाएगा। 24 जनवरी को यूपी का स्थापना दिवस भी है। हमने सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों से चर्चा के लिए अनुरोध किया है।
हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार
उन्होंने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए और हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। सदन की कार्यवाही के पहले दिन नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित सभी दलों के नेताओं ने स्वर्गीय सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर समाज में दिये गए उनके योगदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कफ सिरप कांड और एसआईआर पर हंगामे के आसार
आज सत्र शुरू होने के दिन सपा के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कफ सिरप कांड को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे लोगों पर बुलडोजर क्यों नहीं चला रही है। हजारों करोड़ रुपये का गबन हुआ है और जहरीली कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत हुई है। क्या बुलडोजर का ड्राईवर भी कफ सिरप पीकर सो गया है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
सदन में हंगामा होने के पूरे आसार
इधर, सपा विधायक बृजेश यादव और आशुतोष सिन्हा साइिकल पर कोडीन कफ सिरप का डिब्बा बांधकर पहुंचे। जिस पर लिखा-जादुह सिरप। पीने वाला मर जाता है। बेचने वाला दौलतमंद हो जाता है। सत्ता का संरक्षण पाता है। फिर विदेश निकल जाता है।सपा विधायक मुकेश वर्मा पोस्टर पहन कर सदन पहुंचे। जिस पर लिखा था-सिरप कांड में बडे बडे लोग शामिल हैं। इनके घर कब बुलडोजर आ जाएगा, जहर का धंधा बंद किया जाए। सपा विधायकों के ऐसे तेवर बता रहे हैं कि सदन में हंगामा होने के पूरे आसार हैं।
सोमवार को दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेंगे
सोमवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना चालू वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेंगे। चार घंटे तक वंदे मातरम पर भी चर्चा होगी। वोटर लिस्ट के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर, कोडीन समेत कई मुद्दों पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय सरकार से सवाल करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23-24 दिसम्बर को विधान सभा में अपना पक्ष रखेंगे।