Goond ke Laddu : सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्माहट देने वाले पारंपरिक पकवानों की मांग बढ़ जाती है. इस मौसम में घरों में तरह-तरह के लड्डू और पिन्नियां बनाई जाती हैं. अगर आप भी कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ ऊर्जा देने वाला हो, तो खांड और गोंद वाली पिन्नी ट्राई कर सकते हैं. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
गोंद और मेवों से बढ़ेगा स्वाद
इस पिन्नी को बनाने के लिए देसी घी, गेहूं का आटा, खाने वाला गोंद, खांड और पसंद के मेवों की जरूरत होती है. आप इसमें बादाम, काजू, अखरोट और इलायची भी मिला सकते हैं। सामग्री की मात्रा अपने स्वाद और जरूरत के अनुसार रखी जा सकती है.
सबसे पहले गोंद को तलें
पिन्नी बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा देसी घी गर्म करें। इसमें खाने वाला गोंद डालकर धीमी से मध्यम आंच पर तलें. गोंद फूलकर हल्का कुरकुरा हो जाए तो इसे निकालकर ठंडा करें और दरदरा कूट लें। ध्यान रखें कि गोंद जले नहीं, वरना स्वाद खराब हो सकता है.
आटे को अच्छी तरह भूनें
अब उसी कड़ाही में जरूरत के अनुसार घी डालकर गेहूं का आटा भूनें. आटे को लगातार चलाते रहें, ताकि वह नीचे से चिपके नहीं. जब आटे का रंग हल्का सुनहरा हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इसके बाद इसमें कुटा हुआ गोंद और कटे हुए मेवे मिला दें.
ये भी पढ़ें - Palak Guava Chutney: धनिया-पुदीना से हटकर ट्राई करें पालक-अमरूद की चटपटी चटनी, समोसे से रोटी तक बढ़ाएगी स्वाद
खांड मिलाकर तैयार करें पिन्नी
मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर इसमें खांड डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण पूरी तरह ठंडा न होने दें, वरना लड्डू बांधने में परेशानी हो सकती है। हाथों पर थोड़ा घी लगाकर मनचाहे आकार की पिन्नियां तैयार कर लें.
सर्दियों के लिए स्वादिष्ट विकल्प
खांड और गोंद वाली पिन्नी पारंपरिक स्वाद का बेहतरीन विकल्प है. इसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि इसमें घी, आटा और खांड की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसे अपनी डाइट और जरूरत के अनुसार सीमित मात्रा में खाना बेहतर है.