
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज के महामुकाबले में टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों वो एशिया की सबसे बड़ी ताकत है. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटाई. खास बात ये रही कि टीम इंडिया ने यह जीत अपने स्टार जोड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली (Ro-Ko) के बिना हासिल की यानी भारत ने बिना अपने दो सबसे बड़े धुरंधरों के पाकिस्तान को हराकर ऐसा जख्म दिया है, जिसे पड़ोसी देश लंबे वक्त तक याद रखेगा. वहीं, इस जीत को और भी खास बना दिया भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने, जिन्हें जन्मदिन पर पूरी टीम ने जीत का तोहफा दिया.
पाकिस्तान ने की पहले बल्लेबाजी, बने 127 रन
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन उनका यह दांव पूरी तरह फेल हो गया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही पाकिस्तानी बल्लेबाजों को जकड़ लिया. हार्दिक पंड्या ने पहली ही गेंद पर सैम अय्यूब को आउट कर पाकिस्तान का घमंड तोड़ दिया. जसप्रीत बुमराह ने भी जल्द ही दूसरा झटका दिया. इसके बाद भारतीय स्पिनर्स ने ऐसा भौकाल मचाया कि पाकिस्तानी बल्लेबाज एक-एक रन को तरसते नजर आए. कुलदीप यादव ने 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए और पाकिस्तान की रीढ़ तोड़ दी। वहीं, अक्षर पटेल (बापू) ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट झटके, जिसमें फखर जमां और कप्तान सलमान अली शामिल थे. पाकिस्तान की पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 127 रन ही बना सकी. अगर अंत में शाहीन शाह अफरीदी 16 गेंदों पर तेज़ 33 रन न बनाते, तो स्कोर और भी शर्मनाक होता.
भारत की बल्लेबाजी धमाकेदार रही
भारत की बल्लेबाजी की शुरुआत भी धमाकेदार रही. युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी. उनके बाद तिलक वर्मा ने भी शानदार शॉट्स खेलकर पाकिस्तान के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया लेकिन सबसे बड़ा शो तो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दिया. जन्मदिन पर मैदान में उतरते ही सूर्या ने कमाल की पारी खेली और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया. आखिरी में उन्होंने एक जोरदार छक्का जड़कर भारत को 7 विकेट से जीत दिलाई. ये सिर्फ एक जीत नहीं थी, बल्कि कप्तान सूर्या के लिए करोड़ों भारतीयों की तरफ से जन्मदिन का सबसे नायाब तोहफा थी.
शिवम दुबे के छक्के ने सबको डराया !
मैच के दौरान धोनी के लाडले कहे जाने वाले शिवम दुबे ने भी एक ऐसा छक्का जड़ा कि पाकिस्तानी फैंस दंग रह गए. उनकी पारी ने ये साफ कर दिया कि टीम इंडिया अब सिर्फ Ro-Ko पर निर्भर नहीं है, बल्कि नए सितारों ने जिम्मेदारी संभाल ली है. कुल मिलाकर, गेंद और बल्ले दोनों से भारत का दबदबा देखने को मिला. गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बैटिंग को तहस-नहस कर दिया और बल्लेबाजों ने मैदान पर हाहाकार मचा दिया. इस जीत ने न सिर्फ पाकिस्तान को करारा जख्म दिया, बल्कि ये भी साबित कर दिया कि Ro-Ko के बिना भी भारत का भौकाल कायम है और सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया नए युग की शुरुआत कर चुकी है.