आईजीआई एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क ( कस्टम ) के एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू ) ने बैंकॉक से दिल्ली पहुंची एक भारतीय महिला यात्री को मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सीमा शुल्क जांच से बचने की कोशिश
एआईयू ने APIS प्रोफाइलिंग के आधार पर महिला यात्री को फ्लाइट गेट से ही गुप्त निगरानी में रखा। निगरानी में देखा गया कि महिला वॉशरूम में काले जैकेट बदलकर ग्रे जैकेट पहन रही थी, जिस पर राष्ट्रीय चिन्ह और “नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए)” अंकित था। ऐसा प्रतीत हुआ कि वह स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर सीमा शुल्क जांच से बचने की कोशिश कर रही थी।
बैग खोलने से इनकार किया
ग्रीन चैनल पार करने के बाद एआईयू अधिकारियों ने उसे रोका। एक्स-रे जांच में उसके सामान में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। पूछताछ पर महिला ने स्वयं को एनआईए अधिकारी बताया और बैग खोलने से इनकार किया। उसके द्वारा प्रस्तुत फर्जी एनआईए पहचान पत्र सत्यापन में नकली पाया गया।
तलाशी में उसके बैग से 20 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) छिपाकर रखा गया था। ये पैकेट छोटे कपड़े के बैगों में थे और उन पर “एनआईए ” व राष्ट्रीय चिन्ह अंकित था। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 11.350 किलोग्राम पाया गया।महिला यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।