हापुड़ : धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा निवासी एक महिला के साथ उसके ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरा नहीं करने पर उत्पीड़न किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि ससुरालियों ने मांग पूरा नहीं करने पर उसे घर से बाहर निकाल दिया और उसके बच्चों को भी अपने पास रख लिया। अब महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी के आदेश पर धौलाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
गांव देहरा निवासी इमराना ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका निकाह पांच साल पूर्व जिला मेरठ के थाना जानी के गांव सिवाल खास निवासी आलमगीर से हुआ था. वर्तमान में उसके तीन बच्चे हैं। कुछ वर्ष पूर्व उसके पति ने पांच लाख रुपये ससुराल से लाने की बात कही। जब उसने रुपयों की आवश्यकता के बारे में पूछा तो पति ने कहा कि उसे प्लाट खरीदना है। जिस पर उसने अपने पिता से पांच लाख रुपये लाकर पति को दे दिए। इसके बाद भी पति सास, ससुर आए दिन दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे.
विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौच व मारपीट की जाती। छह माह पहले आरोपी ससुरालियों ने उसके साथ दहेज की मांग करते हुए उसके साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट कर दी। जिसके बाद उसे देहरा नहर पर छोड़कर आरोपी ससुरालियां फरार हो गए। साथ ही उसके तीन बच्चों को भी अपने पास रख लिया। इस मामले में उसने महिला थाने में शिकायती पत्र दिया था। लेकिन पति वहां पर नहीं पहुंचा। इसलिए पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। धौलाना थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति सहित ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.