लखनऊ । बीबीडी थाना क्षेत्र के सालारगंज गांव में रविवार रात एक महिला ने लिव-इन पार्टनर की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। कत्ल के बाद आरोपी महिला अपने दो बच्चों संग लाश के पास बैठी रही।
सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि देवरिया निवासी सूर्य प्रताप सिंह और आरोपी रत्ना बीते दो साल से लिव इन में रह रहे थे। सूर्य प्रताप आरोपी रत्ना के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। पूछताछ में सामने आया है कि रविवार रात किसी बात को लेकर सूर्य प्रताप और रत्ना के बीच विवाद हो गया था। गुस्से में रत्ना ने चाकू से सूर्य प्रताप सिंह का गला रेत दिया।
सूर्य प्रताप के पिता नरेंद्र सिंह ने रत्ना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सूर्य प्रताप के पिता नरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा रत्ना के झांसे में आ गया था। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों करीब दो साल से साथ रह रहे थे। बेटे की किसी दूसरी युवती से शादी की बात चल रही थी। जिससे दोनों के बीच तनाव होने की आशंका है।