सेक्टर-19 स्थित एक होटल में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान फरीदाबाद निवासी कोमल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उसके बॉयफ्रेंड सुमित गौतम ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, सुमित गौतम और कोमल दिसंबर 2024 से एक-दूसरे के संपर्क में थे और रिलेशनशिप में थे। सोमवार रात दोनों सेक्टर-19 स्थित होटल में ठहरे थे।
आठ साल की एक बेटी भी है
रात के दौरान कोमल ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इसके बाद सुमित ने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि सुमित गौतम नॉर्थ दिल्ली का रहने वाला है और शादीशुदा है। उसकी आठ साल की एक बेटी भी है।
जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी
वहीं, कोमल फरीदाबाद की रहने वाली थी। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। होटल का कमरा सीज कर दिया गया है और कोमल के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आत्महत्या की वजह और घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।