नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सफीपुर गांव के पास हुए सड़क हादसे में दिल्ली महिपालपुर निवासी युवती अदिति मुखर्जी की मौत हो गई। परिजनों ने नॉलेज पार्क कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बाइक को जोरदार टक्कर मार दी
पीड़िता के भाई अरिंदम मुखर्जी ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन अदिति रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में एक शो करने के लिए निकली थीं। वह बाइक टैक्सी से आ रही थीं। सफीपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें शारदा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसे के समय युवती ने हेलमेट पहना था या नहीं। कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।