हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लुखराड़ा में 34 वर्षीय विवाहित महिला दुलारी की संदिग्ध जहर खाने से मौत हो गई। मृतका को उसके पति धर्मेंद्र ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे देवनंदिनी अस्पताल हापुड़ लाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दुलारी पत्नी धर्मेंद्र, निवासी ग्राम लुखराड़ा थाना बाबूगढ़, मायका ग्राम उपैड़ा की रहने वाली थी। शादी को करीब 16 वर्ष हो चुके थे। पति धर्मेंद्र ने अस्पताल में बताया कि घर पर दुलारी ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके कारण अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतका के परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह आत्महत्या लग रही है।पति धर्मेंद्र से पूछताछ की जा रही है। मृतका के परिजन से भी जानकारी की जा रही है।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता पाई गई तो सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।