Hapur News: जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में 40 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।मृतका की पहचान रीता के रूप में हुई है, जो अपने पति राहुल शर्मा के साथ रहती थी। उनका इकलौता बेटा मेरठ में अपने दादा के पास रहता है।
महिला की हत्या कर दी
पुलिस को दिए बयान में राहुल शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे वह बाइक से गांव नानई गया था , इसके बाद चांदपुर चला गया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वह घर लौटा तो मुख्य गेट खुला हुआ था। घर के अंदर जाने पर उसने देखा कि पत्नी का शव बेड पर खून से लथपथ पड़ा था। महिला की गर्दन और चेहरे पर चाकू से कई वार किए गए थे। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर महिला की हत्या कर दी।
जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा
हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सूचना मिलते ही सीओ स्तुति सिंह और थाना बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक धीरज मलिक पुलिस बल व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।