कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र की टीकाराम कॉलोनी में गुरुवार देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोप है कि एक महिला को उसके ही रिश्तेदारों ने घर बुलाकर बंधक बना लिया और चाकू से गला रेतने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
रियाज कॉलोनी निवासी नीतू देर रात घायल अवस्था में कंकरखेड़ा थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसकी ननद पूजा ने उसे टीकाराम कॉलोनी स्थित अपने जेठ रविंद्र के घर बातचीत के बहाने बुलाया था।
पीड़िता के अनुसार जैसे ही वह घर के अंदर पहुंची तो आरोपियों ने मुख्य गेट का ताला बंद कर दिया ताकि वह बाहर न निकल सके। इसके बाद ननद, जेठानी और अन्य परिजनों ने मिलकर उसे एक कमरे में बंधक बना लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
नीतू का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से उस पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने उसके गले पर वार करने की कोशिश की, लेकिन उसने हाथ से चाकू रोक लिया, जिससे उसके हाथ में गहरी चोट आई। जान का खतरा देखते हुए नीतू ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह मौके से भाग निकली। घायल महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।