हापुड़: थाना देहात क्षेत्र के एनएच-334 स्थित धनौरा कट के पास 30 अप्रैल की शाम हुई दो कारों की भिड़ंत में घायल हुए एक ही परिवार के लोगों के मामले में पुलिस ने दूसरी कार के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला मेरठ के गांव मेहरमती मीणा निवासी दीपा मीना ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 30 अप्रैल की शाम वह उनके पति विनोद, मां मुनेश, करिश्मा उर्फ बुलबुल व मुकेश कार में सवार होकर शादी में जेवर जिला गौतमबुद्धनगर जा रहे थे। उनकी कार को मुकेश चला रहा था। एनएच-334 स्थित धनौरा कट के पास पहुंचने पर गलत दिशा से आ रही दूसरी कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी को कार को मुकेश चौधरी निवासी गांव मालपुरा जिला आगरा चला रहा था।
हादसे में उनकी कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल मेरठ भर्ती कराया। यहां उनकी मां मुनेश की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उनकी मां को मृत घोषित कर दिया। जबकि हादसे में घायल हुए सभी लोगों को मेरठ के एक अन्य निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मां के अंतिम संस्कार व अन्य प्रक्रियाओं में व्यस्त होने के कारण वह समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकीं थीं। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कार चालक मुकेश चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।