दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या करने का मामला आया है। विवाहिता के चाचा ने आरोप लगाया है कि हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फंदे पर लटकाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति की गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग
जानी थाने की पुलिस के मुताबिक बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना अंतर्गत इंदिरा नगर निवासी राजेश ने अपनी 25 वर्षीय बेटी दिवोलिका की शादी दो नवंबर 2025 को जानी के पांचली खुर्द गांव निवासी निशांत के साथ की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले शादी में मिले दहेज खुश नहीं थे। आरोप है कि निशांत और उसके परिजन लगातार पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग कर रहे थे। इसके लिए शादी के बाद से भी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की जा रही थी।
जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया
आरोप है कि रात में ससुराल वालों ने दिवोलिका का गला दबाकर हत्या कर दी और इसकी जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली। मायके वाले बेटी की मौत की खबर मिलते ही पांचली खुर्द पहुंच गए। मायके वालों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों का आरोप है कि हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए ससुराल वाले ने बेटी के शव को फंदे से लटका दिया।
हत्या का मुकदमा दर्ज कराया
पुलिस ने बताया, दिवोलिका के चाचा अजय ने पति निशांत, ससुर सोनू, सास आरती, देवर गोल्डी और नितिन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया, मुख्य आरोपी पति निशांत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।