नई दिल्ली। महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को लेकर इस बार क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सितंबर से भारत में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए इनामी राशि का ऐलान कर दिया गया है। इस बार की प्राइज मनी अब तक की सबसे बड़ी है। टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम को लगभग 39.4 करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा। खास बात यह है कि यह राशि पिछली बार की तुलना में करीब चार गुना अधिक है। इतना ही नहीं, इस बार कुल प्राइज मनी पिछले सभी टूर्नामेंट से कहीं ज्यादा रखी गई है, जिससे खिलाड़ियों और टीमों का जोश और बढ़ गया है।
विजेता को करोड़ों का इनाम
महिला वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम को इस बार 4.48 मिलियन डॉलर यानी लगभग 39.4 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि मिलेगी। उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को भी निराश नहीं होना पड़ेगा, क्योंकि उन्हें 1.12 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी दी जाएगी।
ग्रुप स्टेज पर भी इनाम
ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में भी जीतने वाली टीमों को शानदार इनाम मिलेगा। हर जीत के लिए 34,314 डॉलर तय किए गए हैं। इससे टूर्नामेंट का रोमांच और प्रतिस्पर्धा और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।
अन्य स्थान पर रहने वाली टीमें
पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 डॉलर मिलेंगे। सातवें और आठवें स्थान की टीमें भी खाली हाथ नहीं जाएंगी, उन्हें 280,000 डॉलर मिलेंगे। इसके अलावा टूर्नामेंट में भाग लेने वाली हर टीम को 250,000 डॉलर की राशि दी जाएगी।
महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक कदम
इनामी राशि में इतनी बड़ी बढ़ोतरी महिला क्रिकेट के लिए एक मील का पत्थर मानी जा रही है। यह कदम खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ महिला क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का काम करेगा।