
मुंबई इंडियंस ने WPL 2026 के लिए अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। दरअसल हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने लिजा केटली को नई हेड कोच के रूप में नियुक्त किया है। इस साल के वीमेंस प्रीमियर लीग में लिजा मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ रही हैं। इससे पहले इस पद पर चार्लोट एडवर्ड्स काम कर रही थीं।
नीता अंबानी ने दी बड़ी जिम्मेदारी
टीम की मालकिन नीता अंबानी ने नए हेड कोच के ऐलान को लेकर कहा कि "मुंबई इंडियंस फैमिली में लिजा केटली को शामिल करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। लिजा ने अपने पैशन और खेल के प्रति जुनून से कई लोगों को इंस्पायर किया है। इनके आने से मुंबई इंडियंस में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी और हम इनके साथ खेल को और बेहतर बनाएंगे।"
कौन हैं लिजा केटली?
लिजा केटली ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के लिए लंबे समय तक खेल चुकी हैं। उनके पास कई दशकों का अनुभव है। लिजा ऑस्ट्रेलिया की दो बार वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। वीमेंस वर्ल्ड कप 1997 और 2005 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया स्क्वाड के साथ टाइटल जीता। लिजा केटली को इंग्लैंड की वीमेंस नेशनल टीम का फुल टाइम कोच बनने वाली पहली महिला क्रिकेटर होने का गौरव भी प्राप्त है। यह उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
इसे भी पढ़ें : Diljit Dosanjh ने उठाए सवाल, Sardarji 3 और India-PAK मैच पर दी सफाई, कहा – सिख और Punjabi कम्यूनिटी देश के खिलाफ नहीं
अंतरराष्ट्रीय करियर में 3000 से ज्यादा रन
ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनिंग करने वाली लिजा केटली ने अपने क्रिकेट करियर में 3000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 9 टेस्ट, 82 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है।
टीम में नई ऊर्जा और रणनीति जोड़ने की योजना
मुंबई इंडियंस ने लिजा केटली को हेड कोच बनाकर टीम में नई ऊर्जा और रणनीति जोड़ने की योजना बनाई है। उनके अनुभव और नेतृत्व से टीम को WPL 2026 में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। लिजा के आने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, मैच रणनीति और मेंटल तैयारी में मदद मिलेगी। देखा जाए तो लिजा केटली की नियुक्ति मुंबई इंडियंस के लिए एक नया अध्याय है। उनके अनुभव और कौशल से टीम का खेल और भी मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनने की संभावना है।