दुनिया की सबसे बड़ी महिला क्रिकेट लीग में से एक विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। बीसीसीआई ने बताया कि WPL 2026 इस बार दो शहरों नवी मुंबई और वडोदरा में खेला जाएगा. लीग की शुरुआत 9 जनवरी से होगी और फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा. ओपनिंग मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा, जबकि खिताबी मुकाबला वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. शेड्यूल को मेगा ऑक्शन से ठीक पहले जारी किया गया, जिससे फैंस में उत्साह और बढ़ गया है.
WPL की लोकप्रियता नई ऊंचाई पर
भारत की महिला टीम के वर्ल्ड कप जीतने के बाद WPL की लोकप्रियता और भी ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। पिछले तीन सीजन में यह टूर्नामेंट लगातार चर्चा में रहा है और हर साल दर्शकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पहला सीजन 2023 में मुंबई इंडियंस ने जीता था, 2024 में आरसीबी ने ट्रॉफी उठाई और फिर 2025 में मुंबई इंडियंस ने दोबारा खिताब अपने नाम किया। अब सभी की नजर इस बात पर है कि 2026 में कौन सी टीम चैंपियन बनती है।
ऑक्शन में दीप्ति शर्मा बनी सबसे बड़ी आकर्षण
WPL शेड्यूल के ऐलान के तुरंत बाद मेगा ऑक्शन शुरू हुआ और यहां सबसे ज्यादा चर्चा रही भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की। वर्ल्ड कप जिताने वाली दीप्ति पर दिल्ली कैपिटल्स ने 3.2 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन उनकी पुरानी टीम यूपी वॉरियर्स ने राइट-टू-मैच कार्ड का इस्तेमाल कर उन्हें वापस अपनी टीम में शामिल कर लिया। पिछले सीजन में दीप्ति 2.6 करोड़ में खेल रही थीं, लेकिन इस बार यूपी ने 60 लाख रुपये ज्यादा देकर उन्हें फिर अपनी टीम का हिस्सा बना लिया, जो एक बड़ा फैसला माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Delhi की झुग्गियों के लिए Rekha सरकार का बड़ा फैसला, अब हर परिवार को मिलेगा पक्का घर, लेकिन कैसे ?
अन्य खिलाड़ियों पर भी बरसा पैसा
दीप्ति शर्मा के अलावा ऑक्शन में कुछ विदेशी खिलाड़ियों ने भी खूब आकर्षण बटोरा। गुजरात जायंट्स ने न्यूजीलैंड की दिग्गज ऑलराउंडर सोफी डिवाइन को 2 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा। टीमों ने इस बार बल्लेबाजी ऑर्डर और ऑलराउंडर बैलेंस मजबूत करने पर ध्यान दिया है। मेगा ऑक्शन के साथ अब चौथे सीजन के रोमांच की शुरुआत हो चुकी है और फैंस को एक बार फिर हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिलेगा।