WPL मेगा ऑक्शन 2026 में मध्य प्रदेश की बेटियों ने इतिहास रच दिया। पहली बार प्रदेश की पांच खिलाड़ियों को लीग की अलग-अलग फ्रेंचाइजी ने खरीदा है। शहडोल की पूजा वस्त्राकर सबसे महंगी बोली में बिकीं, जबकि ग्वालियर, छतरपुर, सीधी और भोपाल की खिलाड़ी भी अपने-अपने शहर का नाम रोशन करेंगी। छोटे शहरों से निकलकर बड़े मंच तक पहुंची इन खिलाड़ीयों ने एमपी में महिला क्रिकेट के नए दौर का आगाज़ कर दिया है।
मध्य प्रदेश की पांच खिलाड़ी WPL में शामिल
महिला प्रीमियर लीग के इस मेगा ऑक्शन में एमपी से कुल 12 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से पांच का चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। ये खिलाड़ी न सिर्फ अपनी प्रतिभा से बल्कि अपनी निरंतर मेहनत से साबित करती हैं कि छोटे शहरों में भी बड़ा क्रिकेटिंग टैलेंट मौजूद है।
पूजा वस्त्राकर पर RCB ने लगाई बड़ी बोली
शहडोल की ऑल-राउंडर पूजा वस्त्राकर इस ऑक्शन में एमपी की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उनके 50 लाख रुपये के बेस प्राइज के मुकाबले 85 लाख रुपये में खरीदा। पूजा की गेंदबाज़ी और निचले क्रम में बल्लेबाज़ी का अनुभव उन्हें इस सीजन में टीम की अहम खिलाड़ी बनाता है।
अनुष्का, क्रांति, संस्कृति और फिरदौस भी बनीं टीमों का हिस्सा
ग्वालियर की तेज गेंदबाज अनुष्का शर्मा को गुजरात जाइंट्स ने 45 लाख रुपये में खरीदा।
छतरपुर की क्रांति गौड़ को यूपी वॉरियर्स ने अपने राइट-टू-मैच कार्ड का उपयोग कर टीम में शामिल किया।सीधी की संस्कृति गुप्ता को मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर खरीदा।
वहीं भोपाल की राहिला फिरदौस को भी मुंबई इंडियंस ने 10 लाख रुपये में अपने दल में जोड़ा।
एमपी की बेटियों से बढ़ी WPL में नई उम्मीदें
इस बार WPL के मेगा ऑक्शन में कुल 277 खिलाड़ी शामिल थीं, जिनमें से 67 को टीमों ने चुना। पहली बार एमपी की पांच बेटियां एक साथ लीग में खेलेंगी, जो प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई दिशा देगी।WPL 2026 की शुरुआत 9 जनवरी से होगी और फाइनल 5 फरवरी को खेला जाएगा।