अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद आईसीसी बहुत जल्द वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव कर सकती है। अभी इस टूर्नामेंट में 9 टीमें हिस्सा लेती हैं, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 12 टीमों तक करने पर विचार चल रहा है। इस फैसले का उद्देश्य टेस्ट क्रिकेट को और ज्यादा प्रतिस्पर्धी और वैश्विक बनाना है।
तीन नई टीमों को मिल सकती है जगह
रिपोर्ट्स के मुताबिक जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और आयरलैंड को WTC में शामिल किया जा सकता है। मौजूदा 9 टीमों में ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज शामिल हैं। नई टीमों के आने से टूर्नामेंट का दायरा और बढ़ेगा।
मीटिंग टली, फैसला बाकी
आईसीसी की महत्वपूर्ण बैठक 25 से 27 मार्च तक दोहा में होनी थी, लेकिन मिडल ईस्ट के हालातों के चलते इसे टाल दिया गया। हालांकि वर्चुअल मीटिंग जरूर हुई, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
2028 ओलंपिक के लिए भी तैयारी
आईसीसी 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी बड़ा प्लान तैयार कर रही है। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 6-6 टीमों को मौका मिलेगा। मेजबान होने के कारण अमेरिका को सीधे एंट्री मिलने की संभावना है, जबकि बाकी टीमों का चयन क्वालीफिकेशन के जरिए होगा।
इसे भी पढ़ें : PSL में पहली गेंद पर ढेर Warner, 87 पर सिमटी पूरी टीम, विवादों का असर प्रदर्शन पर दिखा, पढ़ें
छठे स्लॉट पर सस्पेंस बरकरार
ओलंपिक के लिए आखिरी स्लॉट को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि इसके लिए एक ग्लोबल क्वालीफाइंग टूर्नामेंट आयोजित किया जा सकता है, जिससे एक और टीम को मौका मिलेगा।