दिल्ली वालों के लिए एक अच्छी खबर है. अब यमुना नदी में जल्द ही क्रूज सेवा शुरू होने जा रही है. यानी अब यमुना के किनारे घूमने के अलावा, पानी पर क्रूज की सैर का भी मजा लिया जा सकेगा. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो नवंबर 2025 से यह सेवा शुरू हो जाएगी. सरकार इस प्रोजेक्ट को लेकर जोर-शोर से तैयारियां कर रही है.
क्रूज चलेगा 8 किलोमीटर के रास्ते में
यमुना में ये क्रूज वजीराबाद बैराज (सोनिया विहार) से शुरू होकर जगतपुर (शनि मंदिर) तक चलेगा. ये सफर करीब 8 किलोमीटर लंबा होगा. इस रूट पर यात्रा करने वालों को खूबसूरत नजारे और एक नया अनुभव मिलेगा.
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस क्रूज सेवा का मकसद न सिर्फ यमुना को फिर से जीवंत बनाना है, बल्कि दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देना भी है. इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए पांच सरकारी एजेंसियों ने मिलकर एक समझौता (MOU) किया है. ये सरकारी एजेंसियां हैं -
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI)
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA)
दिल्ली जल बोर्ड (DJB)
दिल्ली पर्यटन विभाग (DTTDC)
सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग
क्या-क्या सुविधाएं होंगी क्रूज में?
इन क्रूज बोट्स में कई आधुनिक सुविधाएं होंगी. जैसे -
एसी
बायो-टॉयलेट
लाइफ जैकेट
बैठने के लिए आरामदायक सीटें
बता दें कि शुरुआत में 2 क्रूज बोट्स चलाई जाएंगी, जिनमें एक बार में 20-30 लोग यात्रा कर सकेंगे. ये क्रूज सोलर पावर या इलेक्ट्रिक बैटरी से चलेंगे ताकि पर्यावरण को नुकसान न हो.
किराया कितना होगा?
फिलहाल टिकट की कीमत तय नहीं की गई है. लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसका किराया 2000 से 2500 रुपये के बीच हो सकता है. हालांकि, सरकार का कहना है कि किराया इतना रखा जाएगा कि आम लोग भी इसका आनंद उठा सकें.
यमुना की सफाई भी होगी
दिल्ली की बीजेपी सरकार ने चुनाव के वक्त यमुना को साफ करने का वादा किया था. अब क्रूज सेवा शुरू होने के साथ-साथ नदी की सफाई पर भी काम तेज किया जा रहा है. इस कदम से यमुना को एक नया जीवन मिलेगा और दिल्लीवासियों को एक नया टूरिस्ट स्पॉट भी मिल जाएगा.