Healthy Nashta : सुबह के समय अक्सर ऐसी रेसिपी की जरूरत होती है, जो जल्दी तैयार हो जाए और खाने में स्वादिष्ट भी लगे. अगर आप रोज-रोज पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर बोर हो गए हैं, तो पीली मूंग दाल से बना यह पैनकेक ट्राई कर सकते हैं. इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और कम तेल में भी यह अच्छी तरह तैयार हो जाता है.
मूंग दाल से मिलेगा प्रोटीन
पीली मूंग दाल को पौष्टिक आहार का हिस्सा माना जाता है. इससे तैयार नाश्ता पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकता है. इसमें हरी सब्जियां मिलाने से इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं. यही वजह है कि यह बच्चों और बड़ों, दोनों के लिए नाश्ते का अच्छा विकल्प बन सकता है.
सब्जियों से बढ़ाएं स्वाद
इस रेसिपी के लिए पीली मूंग दाल को पहले अच्छी तरह धोकर कुछ समय के लिए भिगोया जाता है. इसके बाद दाल को पीसकर बैटर तैयार किया जाता है. इसमें बारीक कटी गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, हरी मिर्च, धनिया और अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां मिलाई जा सकती हैं.
पैन पर ऐसे पकाएं
अब गर्म तवे या नॉन-स्टिक पैन पर थोड़ा सा तेल लगाकर तैयार बैटर को गोल आकार में फैलाएं. इसे मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती, इसलिए यह हल्के नाश्ते के तौर पर भी लिया जा सकता है.
बच्चों के टिफिन के लिए भी बढ़िया
मूंग दाल का यह पैनकेक बच्चों के टिफिन में भी दिया जा सकता है. इसे हरी चटनी, दही या टमाटर की चटनी के साथ परोसने पर स्वाद और बढ़ जाता है। अगर आप सुबह कम समय में घर का पौष्टिक नाश्ता तैयार करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आसानी से आजमा सकते हैं.