Yogi 1375 Jobs Appointment : लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1375 चयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती और गांवों के विकास को लेकर कई अहम बातें कहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी, मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
माफिया पर योगी का बयान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माहौल बदल चुका है। उनके मुताबिक अब आम नागरिक सीना तानकर चलता है, जबकि माफिया सिर झुकाकर और बच-बचकर निकलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता रही है और इसी वजह से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
भर्ती प्रक्रिया का जिक्र
मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले बिना किसी लेनदेन के नौकरी पाना आसान नहीं था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि उन्हें ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी नई भूमिका निभानी चाहिए।
गांवों के विकास पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने हर घर नल योजना, स्वच्छता अभियान और अन्य सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अब इन अधिकारियों पर भी होगी। उन्होंने युवाओं से अपनी ग्राम पंचायत को बेहतर बनाने के लिए नए विचारों के साथ काम करने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : 2000 से ऊपर UPI ट्रांजैक्शन पर चार्ज को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, केंद्र से मांगा जवाब
मंत्रियों ने भी रखी बात
पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि प्रदेश के ग्राम सचिवालयों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायतों में बिजली, इंटरनेट और डिजिटल सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। वहीं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास, शौचालय और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से गांवों की तस्वीर बदली है।