जो बदमाश खुद को कानून से ऊपर समझते थे, शायद वे भूल गए थे कि यह योगी राज है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर में बीते 24 घंटे में जो हुआ, उसने पूरे अपराध जगत की नींद उड़ा दी। एक ही जिले में एक के बाद एक मुठभेड़ों ने साफ कर दिया कि अब न दिन सुरक्षित है और न रात। पुलिस की कार्रवाई में सात कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जबकि दस अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। यह सिर्फ पुलिस एक्शन नहीं था, बल्कि पूरे प्रदेश के अपराधियों के लिए खुली चेतावनी थी कि जीरो टॉलरेंस नीति अब पूरी ताकत से जमीन पर लागू है।
समीक्षा बैठक के बाद एक्शन
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर सख्त निर्देश दिए थे कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए। इसी का असर सहारनपुर में साफ दिखा। SSP आशीष तिवारी के निर्देशन में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ की। देहात कोतवाली, मिर्जापुर, मंडी, गागलहेड़ी, देवबंद, नकुड़ और बड़गांव में पुलिस और बदमाश आमने-सामने आए। हर जगह तस्वीर एक जैसी रही, बदमाशों ने गोली चलाई और जवाब में पुलिस की कार्रवाई ने उन्हें जमीन पर ला दिया।
एक-एक कर गिरे कुख्यात
गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। पीछा करने पर बाइक फिसली और जवाबी कार्रवाई में मेरठ का कुख्यात निजामुद्दीन उर्फ निजाम घायल होकर पकड़ा गया। उस पर गैंगस्टर, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज थे। इसके बाद देवबंद में 25 हजार के इनामी बदमाश दानिश को मुठभेड़ में दबोचा गया और उसके दो साथी भी गिरफ्तार हुए। बड़गांव क्षेत्र में भी 25 हजार का इनामी गोकश इसरार पुलिस की गोली से घायल होकर पकड़ा गया। हर नाम वही था, जिससे इलाके में दहशत फैली रहती थी।
इसे भी पढ़ें : Haryana का बदला नक्शा, 13 साल बाद Hansi को मिला जिला बनने का तोहफा, जानें क्या होगा फायदा ?
अपराधियों के लिए आखिरी चेतावनी
लगातार सात एनकाउंटरों ने यह साफ कर दिया कि सहारनपुर पुलिस अब किसी तरह की नरमी के मूड में नहीं है। SSP आशीष तिवारी ने दो टूक कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जो कानून तोड़ेगा, उसे उसी भाषा में जवाब मिलेगा जिसे वह समझता है। जो बदमाश कल तक लोगों के दिलों में डर बनकर घूमते थे, आज या तो अस्पताल में हैं या जेल की सलाखों के पीछे। सहारनपुर की यह कार्रवाई अब पूरे प्रदेश के अपराधियों के लिए आखिरी चेतावनी बन चुकी है।